छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में एक महिला और एक युवक ने खुदकुशी कर ली। दोनों का शव एक ही फंदे में गुरुवार दोपहर एक लॉज के कमरे में लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों शादीशुदा थे। युवक का एक बेटा है, जबकि महिला दो बच्चों की मां है। प्रेम प्रसंग के चलते दोनों ने खुदकुशी की है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामला डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र का है।

दोनों के शव को नीचे उतार कर फिर आगे की कार्रवाई की गई।
भिलाई के खुर्सीपार निवासी मुकेश कुमार (36) और गंडई निवासी लक्ष्मी देवांगन (25) ने बुधवार देर शाम डोंगरगढ़ के पहुना लॉज में कमरा किराए पर लिया था। दोनों ने वहां खुद को पति-पत्नी बताया और बाकायदा अपने-अपने आधार कार्ड भी जमा किए। अगले दिन दोपहर करीब 12 बजे तक जब कमरे से कोई बाहर नहीं निकला तो लॉज कर्मचारी पहुंच गए। उन्होंने कमरे का दरवाजा खटखटाया, पर कोई जवाब नहीं मिला।
मास्टर-की से दरवाजा खोला तो अंदर दोनों के शव लटक रहे थे
इसके बाद कर्मचारियों ने रजिस्टर से नंबर देखकर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन किसी ने रिसीव नहीं किया। अनहोनी की आशंका से कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दे दी। उनके पहुंचने पर मास्टर-की से दरवाजा खोला गया तो अंदर कमरे में पंखे से महिला और युवक का शव लटक रहा था। दोनों ने एक ही गमछे से फंदा बनाकर खुदकुशी कर ली थी। पुलिस ने दोनों के शवों को नीचे उतरवाया और अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।
पांच साल से दोनों के बीच चल रहा था प्रेम संबंध
डोंगरगढ़ थाना प्रभारी एलेक्जेंडर किरो ने बताया कि लक्ष्मी देवांगन का पति खुर्सीपार में परिवार समेत काम करने आया था। इस दौरान मुकेश और लक्ष्मी का प्रेम प्रसंग हो गया। परिजनों को पता चला तो वह परिवार के साथ गंडई चला गया। इसके बाद भी मुकेश और लक्ष्मी के बीच मोबाइल पर बातचीत होती रही। इसके बाद ये दोनों कब घर से निकले। इसको और अन्य मामलों को लेकर पुलिस जांच कर रही है। इसके बाद आगे कार्यवाही की जाएगी।
नाकाम संबंधों की मौत बन रही मंजिल
प्रदेश में लगातार प्रेमी जोड़ों के खुदकुशी या फिर हत्या करने के मामले बढ़ते जा रहे हैं। अकेले 32 दिन में ही जशपुर, गरियाबंद, जांजगीर और अब राजनांदगांव में ऐसे 6 मामले सामने आ चुके हैं। जब प्रेमी जोड़े ने या तो मौत को गले लगा लिया हो या फिर उनमें से किसी एक की हत्या कर दी गई। अवैध संबंध भी इसमें बड़ा कारण रहे हैं।
- 22 जून : गरियाबंद में 2 बीवियों और 5 बच्चों वाले युवक ने 4 बच्चों की मां से अवैध संबंधों के चलते जहरीला पदार्थ पीकर जान दे दी थी। नदी किनारे दोनों के शव मिले थे।
- 20 जून : गरियाबंद में प्रेम प्रसंग के चलते 3 बच्चों के पिता ने एक युवती के साथ पेड़ पर फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली।
- 14 जून : जांजगीर में पत्नी पर अवैध संबंधों का आरोप लगाकर बिलासपुर के युवक ने कार में ही गला घोंटकर हत्या कर दी। फिर उसे लूट का रूप देने का प्रयास किया।
- 10 जून : जशपुर में युवक ने अपनी 16 साल की प्रेमिका के साथ पेड़ से एक ही फंदे लटककर जान दे दी। युवक की कहीं और शादी तय हो गई थी।
- 7 जून : जांजगीर में 13 साल की बेटी से बात करने पर पिता ने प्रेमी को गला घोंटकर मार दिया। फिर उसका शव 15 फीट गहरा गड्ढा खोदकर दफना दिया।
