राजनांदगांव : ओवरब्रिज में आए दिन ट्रैफिक जाम अंडरब्रिज निर्माण में तेजी लाने की मांग …
राजनांदगांव : ओवरब्रिज में आए दिन लग रहे ट्रैफिक जाम की समस्या और लोगों की परेशानी को ध्यान में रख अंडरब्रिज निर्माण में तेजी लाने की मांग की गई है। कांग्रेस नेता आसिफ अली के नेतृत्व में स्टेशन पारा और पटरी पार के लोगों ने स्टेशन प्रबंधक आरके बर्मन से मुलाकात कर इस विषय में चर्चा की। स्टेशन पारा में अंडरब्रिज का काम लंबे समय से थमा पड़ा है। रेलवे क्रॉसिंग बंद होने से ओवरब्रिज पर ट्रैफिक दबाव ज्यादा रहता है। यहां आए दिन वाहनों में खराबी आने से जाम लगता है।
स्टेशन प्रबंधक आरके बर्मन ने अंडरब्रिज निर्माण कार्य में लगे इंजीनियर से फोन पर चर्चा की। निर्माण कार्य की वस्तु स्थिति से अवगत हुए और उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य को जल्द पुरा कर दिया जाएगा। इस अवसर पर किसन खंडेलवाल, परशुराम जायसवाल, जुगल किशोर और मन्ना यादव मौजूद रहे। आसिफ अली ने बताया इससे पहले उन्होंने वार्ड वासियों के साथ आंदोलन कर ज्ञापन सौंपा था। इंजीनियरों द्वारा निरीक्षण के बाद मार्च-अप्रैल में कार्य शुरू करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अभी तक निर्माण शुरू नहीं हुआ।
आसिफ अली ने चेतावनी देते कहा अप्रैल माह तक कार्य शुरू नहीं किया गया तो वे वार्ड वासियों के साथ आंदोलन और चक्काजाम करेंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी रेलवे प्रशासन की होगी। किशन खंडेलवाल ने अंडरब्रिज निर्माण जल्दी शुरू करने, गर्मी को ध्यान में रख प्लेट फार्म में पानी, पंखे एवं बिजली व्यवस्था सुचारू रखने की मांग की।
