अंबागढ़ चौकी के बेलरगोंदी में दो नाबालिग बहनों ने अपने पिता की बेरहमी से हत्या कर दी । हत्या की वजह शराब की लत और पिता की सनकी प्रवृत्ति बनी। जिसके चलते पूरा परिवार लंबे समय से परेशान था। घटना मंगलवार रात करीब 9.30 बजे की है ।
बेंलरगोंदी में रहने वाला सहदेव नेताम (45) शराब का आदि था। आए दिन शराब पीकर वह अपनी पत्नी और बेटियों को पीटता था। मंगलवार रात भी सहदेव शराब के नशे में घर पहुंचा। सहदेव की पत्नी खून की कमी से जूझ रही है, जिसके इलाज के लिए उसने 5 हजार रुपए बैंक से निकाले थे । सहदेव उसी रकम को मांगने लगा। लेकिन सहदेव की पत्नी ने अपने इलाज का हवाला देकर रुपए देने से मना कर दिया।
इस पर सहदेव आक्रोशित हो गया और घर में रखे टंगिया से अपनी पत्नी को मारने का प्रयास किया, इसे देख दोनों बेटियां मां को बचाने दौड़ पड़ीं। सहदेव ने टंगिए से पहला वार किया, जिससे बड़ी बेटी (16 वर्ष) के हाथ में चोट आई। इसके बाद छोटी बेटी (12 वर्ष) ने जैसे तैसे टंगिया छीन लिया । लेकिन सहदेव का हंगामा और गाली-गलौज जारी रहा ।
सनकी पिता रास्ते और सरे बाजार तक में बेटियों को पीटता
ग्रामीणों ने बताया कि सहदेव शराबी होने के साथ-साथ सनकी प्रवृत्ति का भी था। अगर उसकी बेटियां बाजार या स्कूल के काम से घर से बाहर निकलती तो वह छिप छिपकर उनका पीछा करता था। कई बार उसने अपनी बेटियों को बाजार में ही सरेआम पीटा था। आसपास के लोग समझाने का प्रयास करते, लेकिन उसकी हरकत नहीं सुधरती। इसके अलावा आए दिन शराब के नशे में सहदेव अपनी पत्नी से मारपीट करता था। जिससे पूरा परिवार तंग आ गया था।
पुलिस ने दोनों को किया गिरफ्तार, बिलखता रहा गांव
बेलरगोंदी में हत्या की खबर के बाद पुलिस की टीम गांव पहुंची। पुलिस के सामने दोनों बहनों ने अपने पिता की हत्या कर देने की बात कबूली। इसके बाद दोनों नाबालिग बहनों को पुलिस ने अभिरक्षा में लिया। पुलिस जब बहनों को लेकर जाने लगी तो पूरे गांव की आंखें नम हो गई। शराब की लत से तबाह हुए परिवार को देख सभी स्तब्ध हो गए। चौकी पुलिस ने दोनों बहनों को बालिका संप्रेक्षण गृह में भेज दिया है।
पहले हाथ बांधा फिर टंगिया से किया ताबड़तोड़ वार
काफी देर तक समझाने के बाद भी सहदेव जब अपनी पत्नी को जान से मारने की बात कहता रहा, तो बेटियों के धैर्य ने जवाब दे दिया। दोनों ने मिलकर नशे में धुत सहदेव का हाथ और पैर बांध दिया। इसके बाद उसके सिर पर टंगिया से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया । घटना की जानकारी गांव के लोगों को लगते ही पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया। पिता की हत्या के बाद बेटियां अपनी मां से लिपटकर पूरी रात रोती रहीं।
पढ़ाई को लेकर भी नहीं देता था ध्यान, होनहार हैं दोनों बहनें
ग्रामीण सूत्रों ने बताया कि दोनों बहनें पढ़ाई में काफी अच्छी रही हैं, वे आगे भी अच्छी तरह पढ़कर आगे बढ़ना चाहतीं थीं। लेकिन सहदेव कभी भी उनकी पढ़ाई को लेकर ध्यान नहीं देता था। पढ़ाई को लेकर सामान्य जरूरतों की भी सहदेव अनदेखी करता था। जिसके चलते दोनों बहनें परेशान रहा करती थीं। जैसे तैसे उनकी मां ही दोनों की पढ़ाई पूरा कराने में लगी हुई थी। लेकिन सहदेव के नशे की लत और हरकतों ने पूरे परिवार को तबाह कर दिया।
