CG : दुर्ग एक्सीडेंट में 2 मौतें …
दुर्ग। जिले में पिछले दो दिनों में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की जान चली गई। दोनों मामलों में वाहन चालकों की लापरवाही सामने आई है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना जामगांव आर थाना क्षेत्र में 24 मार्च 2026 को दोपहर करीब 1:35 बजे हुई। ग्राम भनसुली रेस्ट हाउस के पास तेज रफ्तार अशोक लीलैंड वाहन ने बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम भरर निवासी 55 वर्षीय राधेश्याम साहू के रूप में हुई है। वह टेमरी से जामगांव लौट रहा था। बेटे और चश्मदीदों के बयान के आधार पर आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) और मोटरयान अधिनियम की धारा 184 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
दूसरी घटना जामुल क्षेत्र में 23 मार्च की शाम करीब 6 बजे बोगदा पुल के पास हुई। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने पैदल घर लौट रही महिला को टक्कर मार दी। मृतिका की पहचान राजनांदगांव जिले के ग्राम ढाबा निवासी 56 वर्षीय अमरीका बाई के रूप में हुई है। वह काम से घर लौट रही थीं।
बाइक चालक ने तेज गति में लापरवाही से वाहन चलाते हुए टक्कर मारी, जिससे सिर में गंभीर चोट आई। घायल अवस्था में उन्हें शंकराचार्य अस्पताल, जुनवानी में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान 25 मार्च की तड़के करीब 1:30 बजे उनकी मौत हो गई। मृतिका के पुत्र के बयान के आधार पर आरोपी बाइक चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 और मोटरयान अधिनियम की धारा 184 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
