– जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का त्वरित एवं प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के दिए निर्देश
राजनांदगांव । कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने आज कलेक्टोरेट में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना। उन्होंने उपस्थित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का प्राथमिकता के साथ त्वरित एवं नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि आम नागरिक बड़ी उम्मीदों के साथ जनदर्शन में अपनी समस्याएँ लेकर आते हैं, उनकी शिकायतों का समाधान समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से किया जाना अनिवार्य है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई तत्काल करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में अतिक्रमण हटाने, सीमांकन, बंटवारा, नामांतरण, नजूल प्रकरण, प्रधानमंत्री आवास योजना, राजस्व रिकॉर्ड दुरूस्ती सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदन का अवलोकन कर विभागों को शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय उपस्थित थे।
