छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पढ़ाई के दौरान स्कूल में एक लड़के और लड़की में प्यार हो गया। लड़की बालिग हुई तो 8 साल से शादी का झांसा देकर युवक संबंध बनाता रहा। फिर 4 माह पहले खुद ही युवती से रिश्ता भी तय कर लिया। अब युवक ने अपनी और युवती की जाति को अलग-अलग बताते हुए शादी से इनकार कर दिया। तंग आकर युवती ने सिरगिट्टी थाने में FIR दर्ज करा दी। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, क्षेत्र में रहने वाली 28 साल की युवती ने शनिवार को थाने में शिकायत की थी। इसमें बताया कि स्कूल में पढ़ाई के दौरान उसकी दोस्ती कोटा क्षेत्र में खैरझिटी के साजापाली निवासी राजेंद्र साहू से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई। आरोप है कि इसके बाद साल 2011 में धनतेरस के दिन राजेंद्र साहू ने युवती को अपने घर बुलाया। वहां शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। इसके बाद से लगातार शोषण करता रहा ।
जब भी युवती शादी की बात कहती, तो टाल जाता
जब भी युवती ने उससे शादी की बात कहती तो युवक टालता रहा। फिर साल 2019 में आर्थिक स्थिति का हवाला दिया और काम-धंधा लगने के दो साल बाद शादी करने की बात कही। इसके बाद फरवरी 2021 में आरोपी ने युवती को झांसा दिया और उससे खुद ही बात कर शादी तय कर ली। कुछ समय बीतने पर आरोपी ने अपनी और युवती की जाति अलग-अलग होने की बात कहकर शादी से इनकार कर दिया। इस पर शनिवार को युवती ने मामला दर्ज कराया था।
