– शिक्षण कार्य होगा सुदृढ़, विद्यार्थियों को मिलेगा बेहतर शैक्षणिक वातावरण
– ग्राम पंचायतों के माध्यम से होगा स्कूल भवनों का निर्माण
मोहला । छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रदेश के शासकीय स्कूलों में भवन निर्माण कार्य को लेकर महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। जारी आदेश के अनुसार, वर्ष 2025–26 के मुख्य बजट में प्रावधानित राशि से कई शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक स्कूलों में नए भवनों का निर्माण कराया जाएगा।
जारी आदेश के अनुसार 43 शासकीय प्राथमिक शालाओं में भवन निर्माण के लिए प्रति शाला 11.48 लाख रुपए की दर से कुल 4 करोड़ 93 लाख 64 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इसी प्रकार, 163 शासकीय पूर्व माध्यमिक शालाओं में भवन निर्माण हेतु प्रति शाला 11.84 लाख रुपए की दर से कुल 19 करोड़ 29 लाख 92 हजार रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। इस प्रकार कुल 24 करोड़ 23 लाख 56 हजार रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।
इसमें जिले के 7 स्कूलों को शामिल किया गया है। इनमें विकासखंड मोहला अंतर्गत 3 प्राथमिक शालाएं प्राथमिक शाला लोधीटोला, प्राथमिक शाला नवाटोला एवं प्राथमिक शाला अमलीडीह शामिल हैं। वहीं 4 पूर्व माध्यमिक शालाओं में मोहला विकासखंड की पूर्व माध्यमिक शाला जोबटोला तथा मानपुर विकासखंड अंतर्गत पूर्व माध्यमिक शालाएं तोलूम, हुरेली एवं कारेकट्टा शामिल हैं।
विभाग द्वारा स्कूल भवनों का निर्माण ग्राम पंचायतों के माध्यम से कराया जाएगा। साथ ही ग्राम पंचायतों को निर्माण कार्य हेतु राशि 2/3 किस्तों में जारी की जाएगी। शासन के इस निर्णय से ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित शासकीय स्कूलों को पक्के भवन उपलब्ध होंगे और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा। विभाग ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए हैं।
