रायगढ़। लूटपाट की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना के संबंध में प्रार्थी नितेश गुप्ता (28 वर्ष) निवासी ढिमरापुर प्यासा मैदान रायगढ़ ने 18 मार्च की रात्रि थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 17 मार्च 2026 की रात करीब 08:00 बजे वह अपने स्कूटी से बड़े रामपुर स्थित शासकीय विदेशी मदिरा दुकान बीयर लेने गया था।
बीयर खरीदकर लौटते समय रोड किनारे खड़ी स्कूटी की डिक्की में बोतल रखते समय इंदिरानगर निवासी राजा खान एवं अफसर खान ने उससे विवाद किया। विवाद के दौरान आरोपी राजा खान ने बीयर की बोतल सिर पर मारकर उसे घायल कर दिया और दोनों आरोपियों ने मिलकर स्कूटी की डिक्की खुलवाकर उसमें रखे 10,000 रुपये लूटकर फरार हो गए। मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 127/2026 धारा 309(6), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देश पर कोतवाली पुलिस को तत्काल आरोपियों की पतासाजी के लिए लगाया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को इंदिरानगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार किया तथा उनके कब्जे से लूटे गए रकम में से खर्च उपरांत *शेष 3,500 रुपये बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों में (1) मीर हसमत अली उर्फ राजा (28 वर्ष) निवासी इंदिरानगर रायगढ़ एवं (2) मोहम्मद अफसर (38 वर्ष) निवासी इंदिरानगर रायगढ़ शामिल हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
