रायपुर। राजधानी रायपुर में 13 मार्च से मोवा स्थित रेलवे अंडरब्रिज को बंद कर दिया गया है। अंडरब्रिज की हालत लंबे समय से खराब है और यहां सालभर पानी भरा रहता था, जिससे कई हादसे भी हो चुके हैं। लगातार शिकायतों के बाद रेलवे द्वारा अंडरब्रिज की सड़क का मरम्मत कार्य शुरू किया गया है।
हालांकि, मरम्मत कार्य को लेकर मौके पर कोई सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया है, जबकि इस अंडरब्रिज से रोजाना हजारों लोग गुजरते हैं। सूचना के अभाव में कई राहगीर अंडरब्रिज तक पहुंच जाते हैं और फिर उन्हें वापस लौटना पड़ता है। अंडरब्रिज बंद होने से मोवा ओवरब्रिज पर ट्रैफिक का दबाव काफी बढ़ गया है। दिनभर यहां जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ओवरब्रिज पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से लोग घंटों जाम में फंसे रहते हैं।
