राजनांदगांव , नागपुर रेल मंडल ने फरवरी में मुनाफे का नया रिकार्ड बनाया है। यात्री ट्रेनों से लेकर माल गाड़ियों ने मंडल को बंपर कमाई दी है। जो बीते सालों की तुलना में 10 से 15 फीसदी तक अधिक है।
फरवरी में नागपुर मंडल रेलवे से 20 लाख 20 हजार यात्रियों ने सफर किया है। इससे मंडल को 26.27 करोड़ रुपए की कमाई है। जो फरवरी 2025 की तुलना में यात्री संख्या में 18.53 फीसदी की और आय में 9.36 फीसदी की बढ़ोतरी है। इसकी वजह ट्रेनों की टाइमिंग में सुधार को भी माना गया है। इसी तरह माल ढुलाई में भी रेलवे ने नया रिकार्ड बनाया है। नागपुर मंडल ने फरवरी में कुल 1.72 मिलियन टन माल ढुलाई की है। जिससे 155 करोड़ रुपए की आय अर्जित की है। इसी तरह पार्सल लोडिंग 2252 टन रही, जिससे 48.81 लाख का राजस्व रेलवे को मिला है। जो बीते फरवरी 2025 की तुलना में 10 फीसदी अधिक है।
कैटरिंग-टिकट चेिंकंग में भी बेहतर: राजस्व रेलवे ने बताया कि फरवरी में मंडल का गैर किराया राजस्व 55.36 लाख, कैटरिंग राजस्व 27.89 लाख रु. और टिकट चेकिंग के दौरान 30468 मामले दर्ज कर रु.1.33 करोड़ वसूले गए हैं। इसके अलावा मोबाइल टिकटिंग के माध्यम से फरवरी में 1.49 करोड़ रुपए की आय रेलवे को मिली है। यह सुविधाओं में लगातार किए जा रहे सुधार की वजह से हो पाया है। साल 2025 में फरवरी में यह आय 10 फीसदी तक कम रही है।
तीसरी लाइन से माल गाड़ियों को मिली रफ्तार रायपुर से नागपुर तक तीसरी लाइन का काम पूरा होने के बाद रेलवे को नई रफ्तार मिली है। यह हिस्सा माल ढुलाई का प्रमुख कारीडोर है। तीसरी लाइन की शुरुआत के बाद यहां से माल गाड़ियों की संख्या में इजाफा हुआ है। वहीं ट्रैफिक लोड भी कम हुआ। जिससे माल ढुलाई की क्षमता की बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा यात्री ट्रेनों की टाइमिंग में सुधार भी हुआ है। जिससे यात्रियों की संख्या बढ़ी है।
