– राजनांदगांव को कोरोना से पूरी तरह सुरक्षित करने के लिए जोश और एकजुटता के साथ इस मुहिम को आगे बढ़ाने की अपील की
राजनांदगांव 24 जून 2021। कलेक्टर श्री तारन प्रकाश सिन्हा ने जिले में ‘सुरक्षित टीका-सुरक्षित परिवारÓ अभियान के तहत 24 जून 2021 को आयोजित टीकाकरण महोत्सव को सफल बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, समाज सेवी संगठनों, अधिकारियों-कर्मचारियों, डॉक्टरों, नर्सों, मितानिनों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि टीकाकरण महोत्सव में नागरिकों का अभूतपूर्व उत्साह रहा। प्रशासन के आह्वान पर बड़ी संख्या में महिलाएं-पुरुष, युवा-बुजुर्ग स्वयं को टीका लगवाने के लिए आगे आए। भारी बारिश के बावजूद लोगों ने भीगते हुए अपनी बारी का इंतजार किया। आज का यह उत्साह आने वाले दिनों में भी तब तक बना रहना चाहिए, जब तक कि जिले के सभी पात्र लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य हासिल नहीं हो जाता। उन्होंने कहा कि आज के अभियान से राजनांदगांव को कोरोना से पूरी तरह सुरक्षित करने के लिए मैं इसी तरह के जोश और एकजुटता के साथ इस मुहिम को आगे बढ़ाने की अपील करता हूं।
