राजनांदगांव : कलेक्टर ने शासकीय मुद्रणालय का किया औचक निरीक्षण
– किसान किताब को शीघ्रता से भू-अभिलेख शाखा को उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
राजनांदगांव । कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने आज शासकीय मुद्रणालय राजनांदगांव का औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान मुद्रणालय की कार्यप्रणाली का जायजा लिया तथा उपलब्ध संसाधनों एवं कार्यों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने मुद्रणालय में मुद्रण कार्य हेतु उपयोगी मशीनों एवं सामग्री को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मशीनों का समुचित रख-रखाव एवं कार्यस्थल की सुव्यवस्था से कार्यकुशलता में वृद्धि होगी और मुद्रण कार्य समयबद्ध रूप से संपन्न किया जा सकेगा। कलेक्टर ने राजस्व विभाग से संबंधित किसान किताबों के मुद्रण एवं उपलब्धता की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने जिले के जरूरतमंद किसानों को समय पर किसान किताब की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए किसान किताबों को शीघ्रता से भू-अभिलेख शाखा को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सहायक संचालक नकुल धु्रव सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

