बिलासपुर। तखतपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की तस्करी और बिक्री में शामिल दो आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से 3.74 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की गई है। आरोपित युवकों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपित युवकों को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।
एसडीओपी नुपूर उपाध्याय ने बताया कि तखतपुर पुलिस काे सूचना मिली थी कि मोढे चौक के पास एक युवक ब्राउन शुगर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। इस पर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस ने मौके पर तखतपुर के बड़े बाजार में रहने वाले दुर्गेश गायकवाड (22) को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 3.74 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद जब्त कर लिया गया। पुलिस की पूछताछ में आरोपित ने बताया कि तखतपुर निवासी अप्पू देवांगन (32) ने उसे ब्राउन शुगर दिया है।
इसके बाद पुलिस टीम ने दूसरे आरोपित की तलाश शुरू की। इसी दौरान अप्पू के बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास होने की सूचना मिली। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसमें आरोपित ने बताया कि वह यूपी से ब्राउन शुगर खरीदकर लाता था और दुर्गेश गायकवाड को बिक्री के लिए देता था। दोनों आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
आरोपित को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तखतपुर निरीक्षक विवेक कुमार पांडेय, उपनिरीक्षक दिलाराम मनहर, सहायक उपनिरीक्षक रमेश कुमार ओरके, एसीसीयू बिलासपुर के उपनिरीक्षक कमलेश बंजारे व उनकी टीम तथा तखतपुर थाना के आरक्षक आशीष वस्त्रकार, सुनील सूर्यवंशी, राजकुमार श्याम, चन्द्रशेखर मरकाम और संतोष पोर्ते का सराहनीय योगदान रहा।