राजनांदगांव , औंधी इलाके के मरकाटोला में दिखा बाघ जंगल के भीतर चला गया है। वन अमले ने बाघ की निगरानी के लिए ट्रैप कैमरे लगाए हैं। हालाकि अब तक बाघ किसी भी कैमरे की जद में नहीं आया है। निगरानी जारी है।
वन अमले ने औंधी इलाके के जंगल में बाघ के मौजूद होने की पुष्टि की है। बता दें कि बाघ बीते 10 दिनों से मानपुर ब्लाक के जंगल में विचरण कर रहा है। वन अफसरों ने बताया कि इसी बाघ ने गढ़चिरौली इलाके में एक ग्रामीण का शिकार भी किया था, इसे देखते हुए गांवों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
गांवों में मुनादी कराकर लोगों को फिलहाल जंगल से लगे खेत में जाने से मना किया गया है। वहीं दिन ढलने के बाद खासकर महिलाओं और बच्चों को गांव के बाहर नहीं निकलने की समझाइश दी गई है। रविवार को बाघ की वास्तविक लोकेशन ट्रेस नहीं हो सकी।
