राजनांदगांव , कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं अब अंतिम दौर में पहुंच चुकी है। अब तक दोनों कक्षाओं में प्रमुख विषयों की परीक्षा हो चुकी है। इसी के साथ अब बोर्ड कक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तैयारी शुरू कर दी गई है। जिले में केवल 1 मूल्यांकन केन्द्र स्टेट हाई स्कूल में 16 मार्च से मूल्यांकन शुरू होगा।
इसमें लगभग 450 से ज्यादा शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। अन्य जिलों से बोर्ड परीक्षा की कॉपियों का यहां मूल्यांकन होगा। 10वीं में प्रति कॉपी मूल्यांकन के 10 रुपए एवं कक्षा 12वीं की प्रति कॉपी का मूल्यांकन करने 11 रुपए मिलेंगे।
स्टेट हाई स्कूल के हॉल में मूल्यांकन किया जाएगा। उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा और गोपनीयता बनाए रखने फोकस किया जा रहा है। यहां के केवल मूल्यांकनकर्ता विषय विशेष शिक्षकों, व्याख्याताओं को प्रवेश दिया जाएगा।
उड़न दस्ता दल ने पांच केंद्रों का किया निरीक्षण जिला स्तरीय उड़न दस्ता डीएमसी की टीम ने शुक्रवार को 10वीं बोर्ड की गणित परीक्षा के दौरान पांच परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। कहीं नकल प्रकरण नहीं मिला। दल ने सिंघोला, करमतरा, किरगी, महरूम, करमरी का निरीक्षण किया। किसी परीक्षार्थी द्वारा अनुचित साधनों के उपयोग का मामला सामने नहीं आया। व्यवस्था दुरुस्त मिली। 10वीं बोर्ड की गणित परीक्षा में कुल 11444 में 11250 उपस्थित रहे।
