राजनांदगांव : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर विशेष
– निर्मला के जीवन में महतारी वंदन योजना से आया सकारात्मक बदलाव
– निर्मला ने अपनी बिटिया के नाम से सुकन्या समृद्धि योजना के तहत खुलवाया खाता
– महतारी वंदन योजना से निर्मला की बिटिया के भविष्य को मिला सुरक्षित आधार
राजनांदगांव । जिले के छुरिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम कुमरदा निवासी निर्मला कोलियारे के जीवन में महतारी वंदन योजना से सकारात्मक बदलाव आया है। निर्मला ने बताया कि राज्य शासन द्वारा शुरू की गई महतारी वंदन योजना से उन्हें आर्थिक संबल मिला है, जिससे वे अपने परिवार की जरूरतों को बेहतर तरीके से पूरा कर पा रही हैं। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा इस योजना की शुरूआत की गई, तब उन्होंने भी इसका लाभ लेने के लिए आवेदन किया था। महतारी वंदन योजना के तहत 10 मार्च 2024 से उन्हें प्रतिमाह 1000 रूपए की सहायता राशि प्राप्त हो रही है। इस राशि ने उनके जीवन में नई उम्मीद जगाई है। उन्होंने इस राशि का उपयोग अपनी बिटिया के उज्जवल भविष्य के लिए करने का निर्णय लिया। निर्मला ने बताया कि अपनी बिटिया के नाम से उन्होंने सुकन्या समृद्धि योजना के तहत खाता खुलवाया। पहले आर्थिक तंगी के कारण वे वर्ष में केवल 1 हजार रूपए ही जमा कर पाती थी, लेकिन अब महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि से वे प्रतिमाह 500 रूपए कुल प्रतिवर्ष 6000 हजार रूपए जमा कर पा रही है। इससे उन्हें अपनी बेटी की शिक्षा और भविष्य को लेकर अब काफी भरोसा मिला है। इसके साथ ही अब वे अपने परिवार के लिए पौष्टिक फल और सब्जियां भी खरीद पा रही है, जिससे परिवार के स्वास्थ्य में सुधार आया है। निर्मला कोलियारे ने बताया कि महतारी वंदन योजना उनके जैसी अनेक महिलाओं के लिए वरदान से कम नहीं है। यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर और जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
