सुंदरता और स्वच्छता बनाए रखने के दिए निर्देश
जगदलपुर, कलेक्टर आकाश छिकारा ने रविवार को शहर के प्रमुख पर्यटन केंद्र लामनी पार्क का विस्तृत निरीक्षण किया। नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा भी इस अवसर पर साथ थे। छुट्टी के दिन किए गए इस औचक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य पार्क की वर्तमान स्थिति का जायजा लेना और वहां पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं को और अधिक बेहतर बनाना था।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर छिकारा ने पार्क के भीतर स्थित विभिन्न आकर्षणों, जैसे थिएटर गार्डन, बर्ड पार्क और एडवेंचर जोन का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने पार्क के प्राकृतिक स्वरूप और वहां की हरियाली की सराहना की, साथ ही अधिकारियों के साथ चर्चा करते हुए इस बात पर जोर दिया कि पार्क की व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर करने की आवश्यकता है ताकि पर्यटकों को हर बार कुछ नया अनुभव हो सके। उन्होंने विभाग के अधिकारियों द्वारा अब तक किए गए सराहनीय कार्यों को रेखांकित करते हुए कहा कि लामनी पार्क की विशिष्टता को बनाए रखने के लिए निरंतर नवाचार जरूरी है।
कलेक्टर ने पार्क में साफ-सफाई को लेकर विशेष संजीदगी दिखाई। हालांकि पार्क की वर्तमान स्वच्छता संतोषजनक पाई गई, फिर भी उन्होंने मौके पर उपस्थित अमले को निर्देशित किया कि वे सफाई व्यवस्था के प्रति तनिक भी लापरवाही न बरतें। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भले ही पार्क अभी साफ-सुथरा दिख रहा है, लेकिन इसे और अधिक बेहतर बनाने और इसी स्तर पर बनाए रखने के लिए निरंतर ध्यान देना अनिवार्य है।
उन्होंने निर्देश दिए कि पार्क के सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं के विस्तार में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आनी चाहिए ताकि स्थानीय नागरिकों और बाहर से आने वाले सैलानियों को एक सुखद वातावरण मिल सके। उन्होंने वन मंडलाधिकारी उत्तम कुमार गुप्ता के नेतृत्व में वन विभाग द्वारा लामनी पार्क में किए गए कार्यो और व्यवस्थाओं की प्रशंसा की।
