शहर के लखोली बायपास में बने ढाबे में दो आरोपियों ने जमकर उत्पात मचाया। ढाबा संचालक और कर्मचारियों को तलवार लेकर दौड़ाया, इसके बाद टेबल कुर्सियों में जमकर तोड़फोड़ भी की। जानकारी के मुताबिक नंदई चौक निवासी आरोपी धर्मेंद्र ध्रुव और विशाला यादव रविवार को दोपहर 2 बजे महफिल ढाबा में खाना खाने गए थे।
दोनों शराब के नशे में थे। आरोपियों ने खाना आर्डर किया, जिसे लेकर पहुंचे कर्मचारी से शराब पीने के लिए रुपए मांगने लगे। ढाबा संचालक ने जब इसका विरोध किया तो दोनों आक्रोशित हो गए और अपनी पास रखी तलवार निकालकर सभी को जान से मार देने की धमकी देने लगे। ढाबा संचालक ने बताया कि उन्हें आरोपी तलवार लेकर दौड़ाने भी लगे। सभी ने जब भागकर अपनी जान बचाई तो आरोपियों ने तोड़फोड़ शुरू कर दी। कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
