कोरोना वायरस (कोविड-19) जिसे विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा एक वैश्विक महामारी घोषित किया गया है। उक्त रोग के फैलने की प्रकृति को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर द्वारा अधिसूचना, दिशा-निर्देश जारी किया गया है।
केन्द्रीय जेल जगदलपुर में निरूद्ध विचाराधीन बंदियों को अंतरिम जमानत एवं दोषसिद्ध बंदियों को पेरोल पर छोड़े जाने के संबंध में माननीय उच्चतम न्यायालय के द्वारा सोमोटो रिट पिटिशन में पारित आदेश के परिपेक्ष्य में हाई कोर्ट द्वारा गठित हाई पावर कमेटी के द्वारा पारित संकल्प और निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जगदलपुर एवं प्राधिकरण द्वारा गठित अण्डर ट्रायल रिव्यु कमेटी की अनुशंसा पर कार्यवाही की गई है, जिसमें 03 सप्ताह से अधिक अवधि से निरूद्ध 12 पुरूष बंदियों को एवं 02 सप्ताह से अधिक अवधि से निरूद्ध 04 महिला बंदियों को 30 अप्रैल 2020 तक अंतरिम जमानत पर रिहा किया जा चुका ।
जिन बंदियों को 30 अप्रैल तक अंतरिम जमानत, पेरोल पर रिहा किये जाने हेतु निर्देशित किया गया था। कोरोना महामारी की स्थिति को देखते हुए उन बंदियों को माननीय हाई कोर्ट बिलासपुर द्वारा आदेश 21 अप्रैल के माध्यम से उन बंदियों की अंतरिम जमानत की तिथि को 30 अप्रैल के स्थान पर 31 मई की गई है। अंतरिम जमानत पर रिहा किये गये विचाराधीन बंदियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संबंधित थानों के माध्यम से उनके निवास पर पत्र लिखकर इसकी सूचना भी दी जा चुकी है ।
इसी प्रकार हाई कोर्ट द्वारा गठित हाई पावर कमेटी के द्वारा दिये गये निर्देशों के पालन में केन्द्रीय जेल जगदलपुर द्वारा कुल 42 दोषसिद्ध बंदियों को पेरोल पर भी रिहा किया गया है। कोरोना महामारी के संक्रमण को देखते हुए केन्द्रीय जेल में सेनिटाईज मशीन लगवाने हेतु प्रेरित किए जाने पर केन्द्रीय जेल के प्रवेश द्वार में सेनिटाईज मशीन लगाया गया है तथा बंदियों को सोशन डिस्टेंस में रखा जा रहा है ।
साथ ही उच्च न्यायालय द्वारा दिये गये निर्देशानुसार कोरोना वायरस जैसी महामारी की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए न्यायालय में आवश्यक कार्य हेतु उपस्थित होने वाले पक्षकारों को सोशल डिस्टेंस बनाए रखने की सलाह देते हुए प्रवेश द्वार पर उन्हें सेनेटाईज कर हाथ धुलवाया जा रहा है एवं आवश्यक पक्षकारों को ही प्रवेश दिया जा रहा है। न्यायालय परिसर में स्वच्छता का उच्चतम स्तर बनाए रखने हेतु कीटाणुनाशकों का नियमित रूप से छिड़काव भी किया जा रहा है ।
