कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से वैक्सीनेशन महाभियान की शुरुआत की गई है। सोमवार को अभियान का पहला दिन था। दिनभर में लगभग 15 हजार लोगों को वैक्सीन की डोज देने का टारगेट रखा गया था पर केवल 8341 लोग ही वैक्सीन की डोज लगाने पहुेंचे।
यह अभियान अभी लगातार जारी रहेगा। मोबाइल यूनिट की टीम सीधे गांव पहुंची और पंचायत भवनों में वैक्सीनेशन शुरू किया गया। ब्लॉक स्तर के अफसरों को वैक्सीनेशन की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि समय पर स्थिति नियंत्रित हो सके। स्वास्थ्य विभाग की ओर से की गई तैयारी के हिसाब से वैक्सीनेशन की संख्या बेहद कम है। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ बीएल कुमरे ने बताया कि 18 से 45 प्लस वाले 7696 लोगों ने वैक्सीन की पहली डोज लगवाई।
वहीं 845 ने दूसरी डोज लगवाई। जिले में सबसे ज्यादा वैक्सीनेशन डोंगरगढ़ ब्लॉक में हुई। यहां पर 2001 लोगाें ने वैक्सीन की डोज ली। वहीं अंबागढ़ चौकी क्षेत्र में सबसे कम वैक्सीनेशन हुआ। यहां 281 लोग ही वैक्सीन की डोज लगाने सामने आए। घुमका में 1738 लोग वैक्सीन लगाने सामने आए। राजनांदगांव 669, छुईखदान में 601, डोंगरगांव में 1035, खैरागढ़ में 887, मोहला में 291, मानपुर में 376 लोगों ने वैक्सीन की डोज लगवाई। टीकाकरण अधिकारी डॉ कुमरे ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
