
राजनांदगांव । अटल वयो अभ्युदय योजना अंतर्गत मोतियाबिंद मुक्त भारत अभियान के तहत जिले के चिन्हांकित 25 वरिष्ठ नागरिकों का एम्स रायपुर में नि:शुल्क ऑपरेशन के लिए संयुक्त जिला कार्यालय परिसर से हरी झंडी दिखा कर विशेष वाहन को रवाना किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष जिला पंचायत किरण वैष्णव, उपाध्यक्ष जिला पंचायत किरण साहू, जिला पंचायत सदस्य जागृति यदु, शीला सिन्हा, किरण बारले एवं सीईओ जिला पंचायत सुरूचि सिंह उपस्थित थी।
उप संचालक समाज कल्याण वैशाली मरडवार ने बताया कि जिले के सभी विकासखण्डों में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में वरिष्ठ नागरिकों जिनकी आयु 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के हैं, उनका कुशल नेत्र सहायकों द्वारा नेत्र परीक्षण का कार्य सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों द्वारा किया गया। अटल वयो अभ्युदय योजना का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ सहित भारत को मोतियाबिंद मुक्त बनाना है, इस कार्य के लिए जिले को 100 वयो वृद्धजनों के मोतियाबिंद ऑपरेशन कराने का लक्ष्य रखा गया है। प्रथम चरण में चिन्हांकित मरीजों में से 25 वरिष्ठ नागरिकों को उनके परिजनों के साथ-साथ विशेष वाहन द्वारा अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स हॉस्पिटल) रायपुर के लिए रवाना किया गया। एम्स हॉस्पिटल में एक्सपर्ट टीम द्वारा जांच उपरांत नि:शुल्क ऑपरेशन किया जाएगा। चिन्हांकित मरीजों के साथ नोडल अधिकारी सुखमा चन्द्रवंशी के नेतृत्व में सहयोगी संतोष साहू, कंचनकला मेश्राम, आराधना थवाईत, समीरक्षत्री एवं टीम रवाना हुई।





