हैदराबाद. पाकिस्तान में बच्चियों के साथ होने वाले अपराध थम नहीं रहे. हैदराबाद शहर में एक बार फिर 6 साल की बच्ची को हैवानों ने हवस का शिकार बनाया. बाद में उसकी हत्या कर दी गई. बच्ची का शव एक पार्क में फेंक दिया गया था. पुलिस ने बताया कि बंगाली कॉलोनी से एक बच्ची लापता हो गई थी. आज उसका शव काएद मिल्लत पार्क से मिला. पुलिस ने कहा कि सीसीटीवी की मदद से बच्ची के साथ ज्यादती के बाद उसकी हत्या करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है.
आरोपी ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि वह बच्ची को कपड़े दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया था, क्योंकि बच्ची छोटी थी इसलिए उसके हैवानियत भरे इरादों को भांप नहीं पाई और दरिंदगी का शिकार हो गई. पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम और प्रारंभिक रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि हत्या से पहले बच्ची के साथ रेप किया गया था. गौरतलब है कि पाकिस्तान में बच्चों के साथ होने वाले अपराधों में लगातार इजाफा हो रहा है. देश में नाबालिगों के खिलाफ होने वाली यौन शोषण और हिंसा की घटनाओं में वृद्धि हुई है. इससे पहले एक सात साल की बच्ची अपराध का शिकार हुई थी. उसके साथ एक अज्ञात व्यक्ति ने रेप की कोशिश की थी. वहीं पुलिस रिपोर्ट के हवाले से बताया गया है कि इस साल महज 40 दिनों के दौरान 18 बच्चे ज्यादती का शिकार हुए.
