महासमुंद , ग्राम पंचायत अचानकपुर में जन आरोग्य समिति के सदस्यों एवं पंचायत प्रतिनिधियों के लिए दो दिवसीय स्वास्थ्य सुदृढ़ीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य समुदाय में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी को जमीनी स्तर तक पहुँचाना है।
प्रशिक्षण के पहले दिन ग्राम के आयुष्मान आरोग्य मंदिर से जुड़ी जन आरोग्य समिति के सदस्यों को स्वास्थ्य शिक्षा, प्रचार-प्रसार एवं शासन द्वारा उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी गई।
प्रतिभागियों को आयुष्मान भारत योजना, प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं, रोकथाम एवं समय पर उपचार के महत्व पर प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण के दूसरे दिन पंचायत के जनप्रतिनिधियों के साथ पंचायत को स्वस्थ पंचायत के रूप में विकसित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान मातृ मृत्यु, शिशु मृत्यु, कुपोषण, मानसिक स्वास्थ्य एवं समुदाय को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम की व्यवस्था में ग्राम पंचायत अचानकपुर के सरपंच ऋषि चौधरी एवं सचिव रामकुमार नायक का विशेष सहयोग रहा। प्रशिक्षण में पीएचसी सिरपुर प्रभारी वीरेंद्र कुमार नायक सहित सीएचसी रायतुम, जलकी, अचानकपुर क्षेत्र की जन आरोग्य समिति द्वारा सक्रिय सहभागिता निभाई गई। दूसरे दिन के प्रशिक्षण में जलकी सरपंच सरिता दीवान, छपोराडीह सरपंच सोनिया रमन, बंदोरा सरपंच हीरालाल निषाद, उपसरपंच भानु प्रताप पटेल, उपसरपंच जलकी गोल्डी साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने सहयोग किया।
प्रशिक्षण में जिला समन्वयक जागृति बरेठा, प्रशिक्षक देवकी साहू, चारू दीवान एवं एसपीएस हेमवती द्वारा विषय विशेषज्ञ के रूप में प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों को सक्रिय रूप से संचालित करने का संकल्प लिया।






