स्मृति नगर पुलिस चौकी अंतर्गत फ्लेवर होटल स्मृतिनगर में रात करीब ढाई बजे तक हुक्का बार का संचालन किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस की छापामार कार्रवाई में इसका खुलासा हुआ है। मामले में पुलिस ने संचालक सिमरन पिता सुरेंद्र सिंह भाटिया के विरुद्ध स्वास्थ्य प्रतिरक्षा अधिनियम 1997 की धारा 8 और 11 के तहत कार्रवाई की।
मौके पर 20 से ज्यादा युवक हुक्का गुड़गुड़ा रहे थे, जो पुलिस को देखकर भाग खड़े हुए। पुलिस ने बताया कि रात करीब ढाई बजे नाईट गश्त के दौरान डीएसपी चित्रा वर्मा ने फ्लेवर हुक्का बार में छापा मारा। मौके पर स्मृति नगर पुलिस को बुलाया गया और कार्रवाई की गई। एएसपी संजय ध्रुव ने मामले में जांच व संचालकों के खिलाफ लॉकडाउन नियमों के उल्लंघन की धाराएं लगाने के लिए संबंधित पुलिस को निर्देशित किया है।
