कोंडागांव। माकड़ी में निर्माणाधीन मकान के सेप्टिक टैंक में दम घुटने से वहां काम कर रहे दो राजमिस्त्रियों की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार माकड़ी के देहारी पारा में राम कश्यप के निर्माणाधीन मकान में वीरू यादव, सोमन मरकाम राजमिस्त्री का काम करने गए थे। वीरू यादव पुत्र मंगलराम और सोमन मरकाम पुत्र मंगलू राम टैंक का ढक्कन खोलकर, छड़ को काटकर सीढ़ी लगाकर टैंक में उतरे थे। नीचे जाते ही दोनों बेहोश होकर गिर पड़े।
उसी समय एक अन्य राजमिस्त्री रामविभोर हथौड़ी लेने के लिए नीचे उतरा तो दोनों को बेहोश पड़ा देखा। उसने राम कश्यप को पुकारा। दोनों नीचे जाकर वीरू और सोमन को बाहर निकालने लगे तो उन्हें भी घुुटन महसूस होने लगी। इसके बाद टैंक के दूसरे किनारे को खोदकर खोला गया और आक्सीजन सिलेंडर की मदद लेकर उन्हें निकाला गया। 108 एंबुलेंस बुलाकर बेहोश सोमन व वीरू को अस्पताल लाया गया जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बीएमओ डाक्टर भरत ने बताया कि टैंक में जहरीली गैस का रिसाव होने से दोनों का दम घुटने से मौत हो गई। मकान मालिक राम कश्यप ने कहा कि घर में सेंटरिंग काम के दौरान दो मिस्त्रियों की मौत का दुख है। परिवार की इस क्षति को तो दूर नहीं कर सकता पर दोनों के स्वजनों को दस-दस हजार रूपये की आर्थिक सहायता देना चाहता हूं।
