पुलिस के द्वारा बीती रात कांबिंग गश्त निकाला गया। इसमें डीएसपी मयंक रण सिंह, रूचि वर्मा एवं थाना कोतवाली, बसंतपुर, लालबाग, पुलिस चौकी चिखली के प्रभारी अपने दलबल के साथ कांबिंग गश्त पर निकले। उनके द्वारा स्थाई वारंटी, फरार आरोपियों की धरपकड़ की गई और वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश कर उन्हें जेल दाखिल किया गया।
एएसपी प्रज्ञा मेश्राम द्वारा निगरानी बदमाश, माफी बदमाश, गुण्डा बदमाश एवं हिस्ट्रीशीटरों को भी चेक किया गया। चेकिंग के दौरान इनके गुजर-बसर के संबंध में पूछताछ की गई। वर्तमान में उनके चाल चलन की विस्तृत जानकारी ली गई। बुधवार सुबह पुलिस कंट्रोल रूम में तलब कर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रज्ञा मेश्राम द्वारा नगर पुलिस अधीक्षक एवं थाना प्रभारियों की उपस्थिति में सभी बदमाशों का गुण्डा परेड लेकर उन्हें स्पष्ट हिदायत दी गई। सभी बदमाशों को अपने आचरण में सुधार लाने कहा।
अपनी आदत सुधारने कहा
समझाइश के क्रम में ही पुराने निगरानी-गुण्डा बदमाशों द्वारा अपनी पीड़ा साझा करते हुए बताया गया कि उनके द्वारा शौकिया बदमाशी करने का परिणाम उन्हें आज तक भुगतना पड़ रहा है। हिस्ट्रीशीटर होने पर उन्हें कोई काम नहीं देता। रोजी-रोजगार मिलने में कठिनाई होती है। इस प्रकार पुराने बदमाशों के अनुभवों को युवा बदमाशों से बताकर उनके भविष्य में आने वाले कठिनाइयों के संबंध में बताया गया। उन्हें समय रहते अपने आचरण में सुधार करने की समझाइश दी।
