– किसानों से उर्वरकों का अग्रिम उठाव करने की अपील की गई
– 1 फरवरी से 31 मई 2026 तक अग्रिम उठाव उर्वरकों पर सहकारी समितियोंं द्वारा कृषकों से किसी भी प्रकार का ब्याज नहीं होगा अधिभारित
राजनांदगांव । कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार जिले में आगामी खरीफ वर्ष 2026 के लिए कृषकों को उर्वरकों की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। कृषि विभाग द्वारा जिले के सभी ग्राम पंचायतों में लघु, सीमांत एवं महिला कृषकों की प्राथमिकता के आधार पर 1 फरवरी से 31 मई 2026 तक उर्वरकों के अग्रिम उठाव के लिए प्रेरित किया जा रहा है तथा उन्हें उर्वरकों का अग्रिम उठाव कराया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य खरीफ मौसम के दौरान किसानों को उर्वरकों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करना, संभावित कमी से बचाव करना तथा वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाये रखना है।

उप संचालक कृषि टीकम सिंह ठाकुर ने बताया कि आगामी खरीफ वर्ष 2026 हेतु 33500 मीट्रिक टन रासायनिक उर्वरकों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। निर्धारित लक्ष्य अंतर्गत यूरिया 14000 मीट्रिक टन, डीएपी 9000 मीट्रिक टन, एनपीके 6000 मीट्रिक टन, एमओपी 1700 मीट्रिक टन तथा एसएसपी 2800 मीट्रिक टन का लक्ष्य रखा गया है। लक्ष्यानुरूप सभी सहकारी समितियों में भण्डारण एवं समितियों से कृषकों को आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला विपणन अधिकारी एवं जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित राजनांदगांव से परस्पर समन्वय स्थापित किया जा रहा है। 1 फरवरी से सभी सहकारी समितियों में उर्वरकों का अग्रिम भण्डारण प्रारंभ हो चुका है। राजनांदगांव विकासखंड अंतर्गत भानपुरी, पदुमतरा एवं पटेवा समिति, डोंगरगढ़ विकासखंड अंतर्गत लालबहादुर नगर, बागरेकसा, पनियाजोब एवं ठाकुरटोला समिति, छुरिया विकासखंड अंतर्गत गहिराभेड़ी, सड़क चिरचारी, साल्हेटोला एवं बम्हनी चारभांठा समिति में उर्वरकों के अग्रिम भण्डारण का कार्य किया जा चुका है। साथ ही अन्य समितियों द्वारा भी अग्रिम भण्डारण हेतु उर्वरकवार आरओ जारी किया जा रहा है। किसानों को राहत प्रदान करने के लिए 1 फरवरी से 31 मई 2026 तक अग्रिम रूप से उठाए गये रासायनिक उर्वरकों पर सहकारी समितियोंं द्वारा कृषकों से किसी भी प्रकार का ब्याज अधिभारित नहीं किया जाएगा। इससे किसानों को आर्थिक लाभ मिलेगा और किसान बिना अतिरिक्त बोझ के अपने कृषि कार्य के लिए आवश्यक उर्वरक समय रहते प्राप्त कर सकेंगे। उप संचालक कृषि टीकम सिंह ठाकुर ने किसानों से खरीफ वर्ष 2026 हेतु आवश्यक रासायनिक उर्वरकों का अग्रिम उठाव अपने नजदीकी सेवा सहकारी समिति से निर्धारित समय में करने की अपील की गई है।







