
राजनांदगांव । स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जनस्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए आयुष पॉलीक्लिनिक को प्रथम पुरस्कार एवं औषधालय श्रेणी में आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष) शासकीय आयुर्वेद औषधालय बेलरगोंदी को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया। इस दौरान सचिव चिकित्सा शिक्षा एवं आयुष अमित कटारिया तथा संचालक आयुष संतन देवी जांगड़े उपस्थित थे। राष्ट्रीय आयुष मिशन अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य में संचालित कायाकल्प आयुष कार्यक्रम के अंतर्गत शासकीय आयुष संस्थाओं में स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, भवन एवं परिसर रखरखाव, सौंदर्यीकरण तथा सेवा गुणवत्ता आधारित मानकों के आधार पर वर्ष 2024 के लिए आयुष पॉलीक्लिनिक को प्रथम पुरस्कार एवं औषधालय श्रेणी में आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष) शासकीय आयुर्वेद औषधालय बेलरगोंदी को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह में जिला आयुष अधिकारी राजनांदगांव डॉ. शिल्पा मिश्रा, पाली क्लीनिक की टीम में आयुर्वेद चिकित्साधिकारी डॉ. प्रज्ञा सक्सेना, होम्योपैथी चिकित्साधिकारी डॉ. हर्षा बरैया, यूनानी चिकित्साधिकारी डॉ. रूबीना अंसारी, योग चिकित्सक डॉ. भारती यादव एवं स्टॉफ नर्सिंग सिस्टर श्रमती हेमलता बड़ा, फार्मासिस्ट अनुसुइया साहू, फार्मासिस्ट कीर्ति व्ही हरि, औषधालय सेवक फुलेश निर्मलकर, दामिनी, बीना, रोहन एवं शासकीय आयुर्वेद औषधालय बेलरगोंदी की टीम में आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिरूद्ध पटेल, आयुर्वेद फार्मासिस्ट देवदास साहू, शंकर लाल कंवर को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर संयुक्त संचालक आयुष डॉ. सुनील दास, रजिस्ट्रार आयुष छत्तीसगढ़ डॉ. संजय शुक्ला, उप संचालक आयुष डॉ. किरण तिग्गा, उप संचालक आयुष डॉ. अरविंद मरावी, प्राचार्य शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय अधीक्षक डॉ. पी. के. जोशी, सहायक संचालक, आयुष डॉ. सोनकर, सहायक संचालक आयुष डॉ. गजेंद्र बघेल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।





