खैरागढ़, शासकीय आत्मानंद हायर सेकेंडरी स्कूल गंडई में छुईखदान विकासखंड के सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले चौदह मेधावी छात्र-छात्राओं व समाजसेवा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाजसेवी लाल जेके वैष्णव का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए पूर्व बीआरसी सतीश श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि नीलमचंद सांखला का जीवन परिचय बताया। सिविल जज से लेकर जिला व सत्र न्यायाधीश तथा उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल तक के प्रेरणादायी सफर को साझा किया।
समारोह में समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय छोटे राजा परिवार छुईखदान से जुड़े सेवानिवृत्त ग्रंथपाल लाल जेके वैष्णव को शॉल, श्रीफल, मोमेंटो एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर रजिस्ट्रार जनरल सांखला ने छात्र-छात्राओं को परीक्षा की बेहतर तैयारी के लिए उपयोगी टिप्स दिए। कड़ी मेहनत, एकाग्रता और लिख-लिखकर अध्ययन करने की महत्ता को समझाया। वहीं वैष्णव ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी पर बल दिया। कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी गिरेन्द्र सुधाकर, प्राचार्य पवन ददरिया मौजूद थे।




