राजनांदगांव। दुकान आवंटन के मुद्दे को लेकर फुटकर व्यापारियों के साथ भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा ने सोमवार को नगर निगम परिसर में प्रदर्शन किया। उन्होंने महापौर के खिलाफ नारेबाजी की। नगर निगम उपायुक्त को महापौर के नाम ज्ञापन सौपा। मांग 10 दिनों के अंदर पूरी नहीं होने पर भूख हड़ताल पर बैठने और चक्काजाम करने की चेतावनी दी ।
– कमला कालेज चौक स्थित मुख्यमंत्री स्वावलबंन योजना अंतर्गत निगम द्वारा दुकान का निर्माण करवाया जा रहा है। हितग्राहियो को दुकानों का आवंटन नहीं हुआ है। दुकानों को जल्द निर्माण करने और आवंटन को लेकर हितग्राहियों द्वारा निगम प्रशासन को कई बार ज्ञापन दिया गया लेकिन निगम द्वारा कोई पहल नहीं हुई। जिसको लेकर सोमवार को भाजयुमो और फुटकर व्यपारियों ने निगम परिसर के सामने बैठकर दुकानों को जल्द पूरा कर हितग्रहियों को देने की मांग रखी। भाजयुमो के जिला अध्यक्ष मोनू बहादुर ने कहा कि पिछले दो सालों से कमला कालेज चौक पर मुख्यमंत्री स्वावलबंन योजन अंतर्गत निगम द्वारा 24 दुकाने बनाई जा रही है, जिसका अभी तक निर्माण पूरा नहीं हुआ है और न ही पात्र हितग्राहियों को दुकानों का आवंटन हुआ है। इसके चलते हितग्राही सड़क किनारे पिछले दो सालों से दुकान लगाकर अपना जीवन-यापन कर रहे हैं। कोरोना संक्रमण काल और दुकानों का आवंटन न होने का असर उनकी आर्थिक स्थिति पर पड़ रहा है। परिवार का भरण-पोषण करने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। वहीं इसी मामले को लेकर पूर्व में चार से पांच बार ज्ञापन दिया गया है, लेकिन अभी तक निगम के दवारा कोई पहल नहीं हुई है। अगर निगम 10 दिनों के अंदर दुकानों का आबटन नहीं करेगी तो आगे भाजयुमो के द्वारा भूख हड़ताल और चक्काजाम किया जाएगा।
