राजनांदगांव। केंद्रीय सहकारी बैंक में नए अध्यक्ष के मनोनयन की सुगबुगाहट तेज होते ही कांग्रेस के पूर्व जिलाअध्यक्ष श्रीकिशन खंडेलवाल का नाम तेजी से उभरा है। उन्हें अध्यक्ष पद का प्रबल दावेदार बताया जा रहा है। हालांकि उनके अलावा पूर्व विधायक भोला राम साहू, श्रीमती तेज कुंवर नेताम सहित कुछ और नाम भी सामने आए हैं। गौरतलब है कि निगम, मंडल सहित अन्य रिक्त पदों पर राज्य सरकार ने नियुक्तियों की कवायद तेज कर दी है। इस महिने ही राज्य सरकार अपने ढाई साल का कार्यकाल पूरा कर लेगी। बावजूद इसके अब तक कई नियुक्तियां शेष हैं। कांग्रेसी इन नियुक्तियों पर नज़र जमाए हुए हैं और लगातार वरिष्ठ नेताओं से मेल-मुलाकात का दौर जारी है।
रिक्त पदों पर नियुक्तियों का सिलसिला शुरु भी किया जा चुका है। गुरुवार को नामांकित पार्षदों की नई सूची जारी की गई जिसमें प्रतिमा बंजारे और राजेंद्र व्यास को नगर पालिक निगम राजनांदगांव का नामंकित पार्षद मनोनीत किया गया है। इस नियुक्ति के आदेश ने अन्य पदों पर नियुक्तियों की सुगबुगाहट और तेज कर दी है। संभावना जताई जा रही है कि 17 जून से पहले तक कई और नियुक्तियों के संदर्भ में आदेश जारी हो सकते हैं।
श्रीकिशन खंडेलवाल वरिष्ठ कांग्रेस नेता हैं। वे कांग्रेस के विपक्ष में होते हुए लंबे समय तक जिला अध्यक्ष का दायित्व संभाल चुके हैं। बताया जाता है कि मौजूदा सरकार में शामिल चेहरों से भी उनकी नजदीकी है। वे विवादों से दूर रहे हैं और उन्हें लेकर असंतुष्टों की संख्या भी बेहद कम है। साफ-सुथरी छवि के साथ उनकी राजनीतिक पहुंच अच्छी है। इस बिनाह पर ही उनके नाम को आगे माना जा रहा है।
