राजनांदगांव, कलेक्टर ने जिले में जारी निर्माण कार्यों पर सख्ती दिखाई है। अधूरे काम, लेटलतीफी करने वाले और टेंडर के बाद भी काम शुरु नहीं करने वाले ठेकेदारों को नोटिस जारी करने के निर्देश िदए हैं। इसके अलावा अफसरों को काम की क्वालिटी को लेकर भी गंभीरता से मानिटरिंग के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को कलेक्टर जितेंद्र यादव ने जिले में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की। कलेक्टर यादव ने विभागों द्वारा कराए जा रहे निर्माणाधीन कार्यों की अब तक की स्थिति की जानकारी ली।
उन्होंने पूर्व वर्षों में स्वीकृत निर्माण कार्य समय-सीमा में पूर्ण नहीं होने पर नाराजगी जाहिर की। कलेक्टर यादव ने कहा कि ग्रामीण स्तर के कार्य नागरिकों की जरूरत और आवश्यकता के आधार पर स्वीकृत किए जाते है। ऐसे कार्यों में ज्यादा समय नहीं लगना चाहिए। उन्होंने ग्रामीण स्तर के निर्माण कार्य स्वीकृत होने के बाद तत्काल कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। सभी कार्यों को क्वालिटी के साथ पूरा कराने की हिदायत दी। कलेक्टर ने विकास कार्यों की स्वीकृति के बाद उसे जल्द शुरु कर निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने की बात कही। ताकि लोगों को समय पर निर्माण कार्य का लाभ मिल सके। उन्होंने ठेकेदार संजय सिंघी के निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति व समय पर कार्य पूर्ण न होने पर नाराजगी जाहिर की। समय पर काम शुरू नहीं करने वाले ठेकेदारों को नोटिस जारी करने कहा।
