सुकमा. छत्तीसगढ़ के सुकमा जिल के ऐर्राबोर थाना पुलिस ने जादू टोना के शक में युवक की हत्या का अपराध दर्ज किया. हत्या के इस मामले में तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार करने का दावा किया है. पुलिस का दावा है कि तीनों आरोपियों ने मिलकर दो माह पहले गांव के एक युवक की जादू टोना के शक में हत्या कर दी थी. इस वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए थे. फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायलय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.
सुकमा जिले के गगनपल्ली गांव का ये मामला है, जहां दो माह पहले कुहरम भीमा की मौत हो गई थी. कुहरम की मौत के बाद परिजनों को शक था कि गांव में ही रहने वाले बोड्डू लच्छा ने जादू टोना कर कुहरम को मारा था. शक आधार पर मृतक के बेटे कुहरम नरेश ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर बोड्डू लच्छा की हत्या कर दी थी और फरार हो गए थे. मामला पुलिस के पास पहुंचा. पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि मृतक और आरोपियों के बीच पहले भी विवाद हो चुका है. इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की. फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
हत्या के बाद लगातार पुलिस जांच कर रही थी. पुलिस के हाथ कोई सुराग लगता कि इस बीच मुखबिर ने एक सूचना दी। उसके बाद पुलिया ने समझदारी से इस केस को तहकीकात कर आरोपी को पकड़ लिया और जेल भेज दिया. सुकमा जिले का खासकर कोंटा इलाका पूरी तरह नक्सल प्रभावित है और यहां पर शिक्षा और जागरुकता की कमी है. इसलिए ऐसे मामले पहले भी आते रहे हैं. जादू टोना को लेकर हिंसा के मामलों में पुलिस और सामाजसेवियों द्वारा लोगों को जागरूक भी किया जाता है.
