खैरागढ़। योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए अफसरों ने कमर कस ली है। अनुविभाग में नवपदस्थ एसडीएम लवकेश ध्रुव ने कार्यभार संभालने के दूसरे दिन ही अधिकारियों की बैठक लेकर शासन की विभिन्ना विभागीय योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की, उनके क्रियान्वयन मे तेजी लाने कहा। साथ ही कोविड-19 की वर्तमान स्थिति, टीकाकरण सहित विभिन्ना विषयों पर चर्चा की।
एसडीएम ने विभिन्ना समितियों में धान के रख-रखाव व उसके उठाव को लेकर चिंता जाहिर करते हुए मानसून पूर्व रख-रखाव बेहतर करने, उठाव और परिवहन को सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही मछली पालन, उद्यानिकी, गोधन न्याय योजना, नरवा गरवा घुरवा बाड़ी, गौठान, आवास, राजीव न्याय योजना, पौधारोपण सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं के वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों-कर्मचारियों को ब्लाक मुख्यालय में निवास करने और योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण व निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने को कहा। इस दौरान तहसीलदार प्रीतम कुमार साहू, सीएमओ सीमा बक्शी, सीईओ जनपद रोशनी भगत टोप्पो, नायब तहसीलदार रश्मि दुबे, लीलाधर कंवर, एसडीओ पीएचई जगलोनिया, एसडीओ जल संसाधन निलेश कुमार रामटेके, बीएमओ डा.विवेक बिसेन, खाद्य अधिकारी नरेंद्र वाहने, प्रभारी महिला बाल विकास अधिकारी सहित विभिन्ना विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।
बैठ में कई विभाग के अधिकारी नदारद रहे। जिसे लेकर एसडीएम ने नाराजगी जाहिर की। बैठक बाद एसडीएम ध्रुव ने पालीटेक्निक कालेज छात्रावास में संचालित कोविड केयर सेंटर का निरीक्षण किया और कोरोना संक्रमण की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कोरोना की तीसरी लहर की संभावनाओं के बीच केयर सेंटर में सुविधाओं के विस्तार के लिए आवश्यक सुझाव दिया और कहा कि पूरे ब्लाक में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा के लिए व्यवस्था तैयार करने हरसंभव प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा प्रशासनिक व्यवस्था को चुस्तदुरूस्त रखा जाएगा। ताकि किसी काम को लेकर कार्यालय आने वालो को परेशानी का सामना ना करना पड़े। एसडीएम ने कहा कि लाकडाऊन मे छूट का बेजा इस्तेमाल कर कोरोना संक्रमण से इलाके को मुक्त कराना प्राथमिकता होगी।
बैठक बाद एसडीएम ने शहर के मुख्य व्यावसायिक इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान टीआइ मो. नासिर बाठी, राजस्व, नगर पालिका के अधिकारी व पुलिस जवान मौजूद थे। सबसे पहले टैंपो स्टैंड चौक पहुंचकर फुटकर व्यापारियों को नियमों का पालन करने की समझाइश दी। इसके बाद गोल बाजार, जय स्तंभ चौक, मस्जिद चौक, राजीव चौक, भगवान महावीर स्वामी चौक, बक्शी मार्ग, इतवारी बाजार, धरमपुरा, सरकारी शराब दुकान सहित मुख्य मार्ग व बस स्टैंड में व्यापारियों व नागरिकों को समझाइश दी। दरअसल सुबह छह से शाम छह बजे तक अनलाक नियमों की अनदेखी हो रही है। शाम छह बजे के बाद भी कुछ जगहों पर रात तक दुकानें खुली रहती हैं। एसडीएम ने कहा कि नियम का पालन नहीं करने वालों पर चालानी के साथ दंडात्मक कार्रवाई भी होगी।
