जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाएं
राजनांदगांव सड़क दुर्घटनाआें पर लगाम नहीं लग पा रही है. बीते 24 घंटे के दौरान जिले में अलग-अलग स्थानों पर छह बड़े हादसे हुए, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई. पुलिस ने मर्ग कायम किया है. आरोपी वाहन चालकों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है.
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नेशनल हाईवे पर चिचोला थाना क्षेत्र के ग्राम टप्पा के पास तेज रफ्तार कार चालक ने मोटर सायकल सवार युवक को ठोकर मार दी. इस हादसे में बाईक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. इलाज के लिए उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. चिचोला पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सुपेला भिलाई निवासी तेज प्रताप ठाकुर उम्र 43 वर्ष के रूप में की गई है. वह राजनांदगांव की ओर आ रहा था. इसी दौरान कार चालक ने उसे ठोंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.
ट्रक ने ठोंका, युवक ने तोड़ा दम
मोहला क्षेत्र के ग्राम दोबेदंड में ट्रक की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई. पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान दिलीप कुमार गोटा निवासी ग्राम काड़े के रूप में की गई है. परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने बताया कि वह पारिवारिक कार्य से मोहला की ओर जा रहा था. इसी दौरान विपरित दिशा से आ रहे ट्रक क्रमांक सीजी 08 एल 1362 के चालक ने उसे ठोंक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
अलग-अलग दुर्घटनाओं में दो घायल
सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला लगातार जारी रहा. पार्रीनाला के पास एक कार को ट्रक ने पीछे से ठोंक दिया. इस दुर्घटना में ममतानगर निवासी आरिफ खान घायल हो गया. दूसरा हादसा सोमनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम ठाकुरटोला के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक व जेसीबी की भिड़ंत हो गई. इस दुर्घटना में ट्रक चालक को मामूली चोंट पहुंची है. शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है. जांच की जा रही है.
