राजनांदगांव, ग्राम मोखला में 17 एवं 18 जनवरी को आयोजित दो दिवसीय मोखला महोत्सव का शुभारंभ शनिवार को पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। यह आयोजन नवयुवक मंडल एवं समस्त ग्रामवासियों के संयुक्त तत्वावधान में हो रहा है। महोत्सव के प्रथम दिवस शनिवार को प्रातः 10 बजे कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। इसके पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शृंखला प्रारंभ हुई, जिसमें छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, भक्ति, परंपरा एवं लोककलाओं की जीवंत झलक देखने को मिली। कार्यक्रम को देखने क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।
सांस्कृतिक संध्या में जय दुर्गा मानस एवं जगराता ग्रुप, ग्राम बासिन (गरियाबंद) द्वारा प्रस्तुत भक्ति गीतों एवं मानस गायन ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। वहीं जय श्री कृष्ण बलदाऊ राऊत नाच पार्टी, ग्राम खैरा (घुमका) की जोशीली प्रस्तुति ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कलाकारों की ऊर्जावान प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उत्साह बढ़ाया। इसके पश्चात जय मां शारदे मानस एवं पंडवानी, ग्राम भोथली द्वारा छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध लोकगाथाओं का सजीव चित्रण प्रस्तुत किया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण शिवशक्ति पुराण जस झांकी मंडली, ग्राम मुरमुंदा रही, जिनकी सजीव झांकी, सुमधुर गायन एवं प्रभावशाली मंचन ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। देर रात तक चले कार्यक्रम में पूरा पंडाल तालियों की गूंज से गूंजता रहा।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले सम्मानित हुए महोत्सव के द्वितीय दिवस रविवार को प्रातः 11 बजे सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ग्राम में शिक्षा, समाजसेवा, संस्कृति, खेल, स्वच्छता एवं ग्राम विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के माध्यम से ग्राम के शिक्षकों, देश सेवा में कार्यरत सैनिकों तथा समाज के लिए प्रेरणास्रोत बने नागरिकों को मंच से सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।



