Home छत्तीसगढ़ मोहला : सरपंच-उपसरपंचों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में वीबी-जीराम-जी की दी गई जानकारी

मोहला : सरपंच-उपसरपंचों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में वीबी-जीराम-जी की दी गई जानकारी

27
मोहला : सरपंच-उपसरपंचों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में वीबी-जीराम-जी की दी गई जानकारी

– सीईओ जिला पंचायत ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया जोर

          मोहला । जिला अंतर्गत पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा विकसित भारत रोजगार की गारंटी एवं आजीविका मिशन ग्रामीण के अंतर्गत वीबी-जीराम-जी विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम 2025 के तहत सरपंच एवं उपसरपंचों के लिए आधारभूत अभिमुखीकरण एवं तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।


          प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले की ग्राम पंचायतों के नव-निर्वाचित सरपंच एवं उपसरपंचों को योजना के उद्देश्य, प्रावधान एवं क्रियान्वयन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि वीबी-जीराम-जी योजना के अंतर्गत 125 दिनों की रोजगार गारंटी, समय पर मजदूरी भुगतान तथा बेरोजगारी भत्ते के बेहतर प्रावधान शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान ग्राम सभा के माध्यम से विकसित ग्राम पंचायत योजना वीजीपीपी तैयार करने, वीजीपीपी में विभिन्न विभागीय योजनाओं के समन्वय तथा तकनीक के माध्यम से ग्राम पंचायतों को सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया। योजना के अंतर्गत जल सुरक्षा को सुदृढ़ करने हेतु जल संरक्षण, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, भू-जल पुनर्भरण, जल स्रोतों का पुनर्जीवन, वाटरशेड विकास एवं वनीकरण जैसे कार्यों को प्राथमिकता देने की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण सत्र में मनरेगा, आजीविका संवर्धन, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, पारदर्शिता, जवाबदेही एवं सामाजिक अंकेक्षण से संबंधित विषयों पर भी मार्गदर्शन दिया गया। प्रतिभागियों को जानकारी पत्रक एवं प्रशिक्षण सामग्री का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत ने सरपंच एवं उपसरपंचों से आह्वान किया कि वे ग्राम सभा को सशक्त बनाते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, जिससे बेहतर रोजगार गारंटी, आजीविका सृजन एवं कुशल शासन के माध्यम से विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके। कार्यक्रम के अंत में सभी सरपंच एवं उपसरपंचों ने अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों में रोजगार आजीविका एवं जल संरक्षण आधारित विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।

Previous articleमोहला : खेतों में उतरकर कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने किसानों से की सीधा संवाद, रबी फसलों का लिया जायजा
Next articleदिल्ली में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से की मुलाकात