राजनांदगांव , अर्धवार्षिक परीक्षा में बेहतर परिणाम नहीं लाने वाले कमजोर स्कूलों के रिजल्ट सुधारने के लिए जिला प्रशासन का प्रयास जारी है। एक दिन पहले ही कलेक्टर जितेंद्र यादव ने ऐसे स्कूलों को चिह्नांकित किया है। इसकी समीक्षा के बाद गुरुवार को कलेक्टर यादव ने ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों की शिक्षा गुणवत्ता को परखने तथा अर्धवार्षिक परीक्षा में कम परिणाम वाले राजनांदगांव विकासखंड के हायर सेकेंड्री स्कूल बोरी और भेड़ीकला का अवलोकन किया। कलेक्टर यादव ने शिक्षकों को कड़ी मेहनत कर परिणाम बेहतर करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि पढ़ाई का कार्य बहुत आसान कार्य है। पढ़ाई करने के लिए बहुत विकल्प है। कोई भी कार्य कठिन नहीं होता है। दृढ़ इच्छा शक्ति से ध्यान केन्द्रित करने पर कठिन लगने वाले विषय भी आसान हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि अपने जीवन को सही दिशा देने के लिए और समाज में परिवर्तन लाने के लिए पढ़ाई बहुत जरूरी है।
असफलता से ही सफलता मिलती है, कई विकल्प हैं पाठ्यक्रम पूर्ण होने पर उसके प्रश्नों को बार-बार अभ्यास करने से सफलता जरूर मिलेगी। असफलता से ही सफलता मिलती है। पढ़ाई करने के लिए विकल्प बहुत सारे हैं। उन्होंने कहा कि जो प्रश्न समझ में नहीं आ रहे उसे शिक्षकों और ऑनलाइन के माध्यम से हल कर सकते हैं।
स्कूल से घर जाने के बाद पढ़ाई करना बहुत जरूरी है। पढ़ाई के लिए अभ्यास एवं निरंतरता जरूरी है। उन्होंने शिक्षकों को कड़ी मेहनत करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षकों को नियमित रूप से पूर्व वर्षों के प्रश्न पत्रों को अभ्यास कराने के लिए निर्देश दिए।







