राजनांदगांव । शहर में अमृत मिशन योजना के काम की रफ्तार फिर से धीमी पड़ गई है। लाकडाउन से पहले प्रोजेक्ट पर काम कर रहे प्रवासी मजदूर अपने घर लौट गए हैं, जिसके चलते काम अभी तक शुरू नहीं हो पाया है। इस तरह की लापरवाही से शहरवासियों की परेशानी बढ़ गई है। पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदे गए गड्ढे राहगीरों के लिए मुसीबत बन गए हैं। शहर की हर गली में पाइपलाइन के लिए खोदे गए गड्ढे को बराबर पाटा नहीं गया है। इसको लेकर ही नगर निगम आयुक्त डा. आशुतोष चतुर्वेदी ने प्रोजेक्ट के एसएमसी इंफ्राक्ट्रचर प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये बात की। आयुक्त ने डायेक्टर से कहा कि अमृत मिशन के कार्य में लापरवाही के साथ देरी भी हो रही है। उन्होंने ठेकेदार से विलंब का कारण पूछा और काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
अनलाक के बाद लौटे नहीं मजदूर
अमृत मिशन का काम कर रहे ज्यादातर मजदूर प्रवासी है। इसमें महाराष्ट्र के श्रमिक भी हैं, जो अप्रैल माह में लाकडाउन होने पर घर चले गए है। अनलाक होने के बाद अभी तक श्रमिक वापस नहीं लौटे हैं। कोरोना महामारी के चलते भी श्रमिक काम पर नहीं आ रहे हैं। जिसको लेकर ठेकेदार ने समय बढ़ाने की मांग की है। ठेकेदार ने कहा कि काम में तेजी करेंगे। ताकि जल्दी काम पूरा हो सकें।
काम करने की शर्त पर दी समय की छूट
ठेकेदार की मांग पर निगम आयुक्त डा. चतुर्वेदी ने इसी शर्त पर छूट दी है कि लाकडाउन की अवधि को जोड़कर समय पर काम हो। इसको लकरह ही समय बढ़ाया गया है। इस अवधि में पाइपलाइन बिछाने से जो गड्ढे हुए हैं, उसे बारिश से पहले पटाव करने के निर्देश दिए हैं। वहीं कार्य की गति बढ़ाने कहा। लापरवाही करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी आयुक्त ने ठेकेदार को दी है।
बारिश में पाइपलाइन के गड्ढे बनेंगे मुसीबत
शहर में अमृत मिशन की पाइपलाइन विस्तार करने खोदे गए गड्ढे बारिश के दिनों में मुसीबत बन सकते हैं। शहर के अधिकांश वार्डों में गड्ढे ठीक तरह से पटाव नहीं किए गए हैं। इसके कारण आने-जाने वालों को परेशान होना पड़ रहा है। शहर के दिग्विजय कालेज रोड, सागर पारा, जमात पारा, नंदई, सोनकर पारा, ठेकेवार, मोतीपुर सहित अन्य वार्डों में गड्ढे वार्डवासियों के लिए अभी से परेशानी का कारण बन रहा है। बरसात में दिक्कत और बढ़ जाएगी।
समीक्षा : मेयर बोलीं, अधूरे कार्यों को जल्दी करें पूरा
कोरोना महामारी की रफ्तार कम होने के बाद लाकडाउन खत्म हो गया है। अनलाक के बाद शहर के विकास कार्र्यों की समीक्षा शुरू हो गई है। महापौर हेमा देशमुख ने लाकडाउन की वजह से रूके कार्र्यों को समय सीमा पर पूरा कराने के लिए निगम अधिकारियों और ठेकेदार को निर्देशित किया। महापौर ने अधोसंरचना मद, पौनी पसारी योजनांतर्गत चल रहे कार्र्यों की जानकारी ली। वहीं वार्डवार कार्र्यों की समीक्षा कर बंद कार्र्यों को शुरू करने के निर्देश दिए। वहीं जो काम चल रहे हैं, उसमें गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन कार्र्यों की निविदा की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उसका कार्यादेश जारी कर काम शुरू कराएं।
बिना जानकारी दिए न करें भूमिपूजन
महापौर हेमा देशमुख ने कहा कि शहर में कोई भी काम का भूमिपूजन मेरे व आयुक्त के जानकारी के बिना न कराए। कार्य प्रारंभ करने से पहले जानकारी भी दें। उन्होंने योजना के कार्र्यों की जानकारी ली और योजना के कार्र्यों में प्रगति लोने के निर्देश दिए। पौनी पसारी योजनांतर्गत चबूतरा निर्माण कार्र्यों के प्रगति की जानकारी लेकर कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए ताकि सरकार की मंशानुरूप गरीब व्यवसायियों को इसका लाभ मिल सके। रानीसागर-बुढ़ासागर सौंदर्यीकरण के प्रगति की जानकारी लेकर एसटीपी निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिससे बरसात में कार्य कराने में परेशानी न हो। स्वीकृत कार्र्यों की सूची तैयार कर भूमि पूजन कराकर कार्य प्रारंभ कराए। जिन कार्र्यों के लिए स्थल नहीं है। वहा स्थल परिवर्तन संबंधी प्रक्रिया कर उपलब्ध स्थल पर कार्य प्रारंभ कराए। उद्यानों के संरक्षण करने के निर्देश देकर कहा कि अगामी वर्षा ऋतु में वृक्षारोपण की तैयारी करे।
