दुर्गुकोंदल, ग्राम पंचायत कोदापाखा में आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों के लिए पिकनिक उत्सव का आयोजन किया गया। ग्राम की तीनों आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से इस कार्यक्रम का आयोजन कर बच्चों के लिए यादगार पल बनाए।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सिया बाई ध्रुव, बीरम नरेटी एवं सुनती पोटाई ने बताया सभी आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों को गांव के लाड़ी क्षेत्र में एक सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। वहां बच्चों के लिए खीर, पूरी, पनीर सहित अन्य स्वादिष्ट और पौष्टिक व्यंजनों की व्यवस्था की गई। बच्चों ने एक साथ बैठकर भोजन किया, जिससे उनमें आपसी मेलजोल और सामूहिकता की भावना भी विकसित हुई। कार्यकर्ताओं ने बताया पिकनिक का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि बच्चों का सर्वांगीण विकास भी था। कार्यक्रम में बच्चों के लिए नृत्य प्रतियोगिता, कविता पाठ, कहानी सुनाने जैसे विविध मनोरंजक और शिक्षाप्रद कार्यक्रम आयोजित किए गए।
