नर्मदा, सेक्टर पैलीमेटा अंतर्गत ग्राम पंचायत मोहगांव में परियोजना स्तरीय वीर बाल दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित बालक-बालिकाओं, अभिभावकों एवं जनसमुदाय को वीर बाल दिवस के ऐतिहासिक, राष्ट्रीय एवं प्रेरणादायी महत्व की जानकारी दी गई। बच्चों में देशभक्ति, साहस, त्याग एवं नैतिक मूल्यों के विकास के उद्देश्य से विभिन्न रचनात्मक एवं सहभागिता पूर्ण गतिविधियां आयोजित की गईं।
इस अवसर पर बालिकाओं द्वारा पेंटिंग प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता, पहेली रास्ता जानो गतिविधि, गुब्बारा दौड़ तथा सांस्कृतिक नृत्य की सुंदर प्रस्तुतियां दी गईं, जिनकी उपस्थितजनों द्वारा प्रशंसा की गई। कार्यक्रम में बच्चों की सक्रिय भागीदारी एवं उत्साह देखने योग्य रहा। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास सभापति ज्योति जघेल, मोहगांव थाना प्रभारी, ग्राम पंचायत के सरपंच एवं पंचगण की उपस्थिति रही। साथ ही परियोजना स्तर से पर्यवेक्षक गण खेमिन ध्रुव, माधुरी जगत, प्रेमलता, मुकेश्वरी एवं पूजा सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं भी उपस्थित रहीं, जिन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई।
बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में पहल: परियोजना अधिकारी सुनील बंजारे ने कहा कि वीर बाल दिवस हमें यह स्मरण कराता है कि हमारे देश के बच्चों ने भी इतिहास में अद्भुत साहस और बलिदान का परिचय दिया है। महिला एवं बाल विकास विभाग का उद्देश्य केवल सेवाएं प्रदान करना ही नहीं, बल्कि बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, नैतिकता एवं राष्ट्रप्रेम जैसे गुणों का विकास करना भी है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।






