राजनांदगांव, पुलिस टीम ने शनिवार रात शहर के अलग-अलग हिस्सों में पाइंट लगाकर वाहनों की जांच की। देर रात तक वाहनों की जांच जारी रही। जिसमें ट्रैफिक नियम के विपरीत चलने वाले 13 वाहनों पर 4700 रुपए का जुर्माना किया गया है।
एएसपी राहुल देव शर्मा ने बताया कि नए साल के आगमन को देखते हुए महावीर चौक, चिखली व गौरव पथ तिराहा में मोटर चेकिंग प्वाइंट लगाया गया था। जिसमें ब्रेथ एनालाइजर मशीन (अल्कोहल मीटर) के माध्यम से संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग की गई। तीनों पाइंट पर एएसपी और डीएसपी स्तर के अफसर खुद मौजूद रहे। चेकिंग के दौरान रात तक कुल 200 वाहनों की जांच की गई। जिसमें ट्रैफिक नियम का उल्लंघन कर चलने वाले 13 वाहनों पर 4700 रुपए का जुर्माना किया गया है। पुलिस ने बताया कि आगे भी लगातार ऐसी चेकिंग व कार्रवाई जारी रहेगी। लोगों को शराब पीकर वाहन नहीं चलाने व ट्रैफिक नियमों के पालन की अपील की गई है।
