राजनांदगांव, चिचोला महाराजपुर के गुरुदेव राइस मिल में मजदूर की मौत के बाद बवाल मच गया। रविवार सुबह मृतक के परिजनों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण राइस मिल के सामने जुट गए। जिन्होंने मुआवजे की मांग को लेकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन शुरु कर दिया।
गुरुदेव राइस मिल में शनिवार शाम रोलर फटकर गिर गया था। जिससे मोतीपुर के रहने वाले मजदूर मुकेश कंवर की मौत हो गई। हादसे में रमेश कंवर नामक मजदूर का पैर कट गया। वहीं एक अन्य मजदूर देवा गंभीर रुप से घायल है। हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। रविवार सुबह करीब 2 घंटे मिल के सामने ग्रामीण प्रदर्शन कर मुआवजे की मांग किए। पुलिस अफसर और तहसीलदार ग्रामीणों को समझाइश देते रहे, लेकिन ग्रामीणों ने प्रदर्शन खत्म नहीं किया। इसके बाद आक्रोशित भीड़ नेशनल हाईवे पहुंच गई। जहां करीब घंटेभर तक हाईवे में चक्काजाम कर दिया गया। ग्रामीण 50 लाख रुपए के मुआवजे की मांग को लेकर नारेबाजी करते रहे।
परिवार को मुआवजा, तीन साल तक सैलरी भी देंगे भीड़ का आक्रोश कम नहीं होता देख मौके पर मिल प्रबंधन के लोगों को मौके पर बुलाया गया। राइस मिल प्रबंधन ने मृत मजदूर के परिवार को 25 लाख रुपए का मुआवजा देने और बच्चों की स्कूल की पढ़ाई का खर्च उठाने का आश्वासन दिया। वहीं हादसे में पैर गंवाने वाले मजदूर रमेश को 5 लाख रुपए मुआवजा, इलाज का खर्च व तीन साल तक वेतन देने की बात कही गई। इसके बाद ग्रामीणों माने, प्रदर्शन खत्म हुआ।
