नर्मदा, शासकीय महाविद्यालय गंडई की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के स्वयं सेवकों ने ग्राम जंगलपुर घाट में स्थित डोंगेश्वर महादेव घाट मंदिर व उसके आसपास के प्रमुख पर्यटन स्थलों में स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान का मुख्य उद्देश्य धार्मिक व पर्यटन स्थलों की स्वच्छता सुनिश्चित करना व आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना था। स्वयं सेवकों ने मंदिर परिसर, घाट क्षेत्र, आवागमन मार्ग एवं आसपास के पर्यटन स्थलों में फैले कचरे को एकत्र कर उसका सुरक्षित निस्तारण किया।
प्लास्टिक कचरे के दुष्प्रभावों पर चर्चा करते हुए उपस्थित श्रद्धालुओं एवं ग्रामवासियों से स्वच्छता बनाए रखने, प्लास्टिक का न्यूनतम उपयोग करने तथा सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने की अपील की गई। मंदिर समिति के सचिव गणेशराम वर्मा, उपाध्यक्ष माखन जंघेल, अध्यक्ष आनंद पटेल मौजूद रहे। स्वयं सेवकों ने स्वच्छता की शपथ लेते हुए कहा कि वे स्वयं स्वच्छ रहेंगे। और अपने आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करेंगे।
