- नगर निगम की टीम भीषण गर्मी व लॉकडाउन में भी जुटी रही, हर पौधे को बचाने की कवायद
शहर के अलग-अलग हिस्सों में रोपे गए करीब 25 हजार पौधों को बचाए रखने की कवायद में निगम की टीम लगी हुई है। भीषण गर्मी और लॉकडाउन के बीच भी निगम प्रशासन इन पौधों की सुध ले रहा है ताकि ऑक्सीजन देने वाले ये पौधे सुरक्षित रहें।
जहां कोरोना संक्रमण ने ऑक्सीजन की अहमियत को समझाया, वहीं लॉकडाउन में भी इन ऑक्सीजन देने वाले प्राकृतिक स्रोतों को बचाने निगम ने अलग ही टीम बनाई है। यही वजह है कि बीते साल शहर के अलग-अलग हिस्सों में रोपे गए 25 हजार पौधे अब तेजी से विकसित भी हो रहे हैं। करीब 15 कर्मचारियों की ये टीम सुबह और शाम दोनों टाइम हर हिस्से में पहुंचकर पौधों को पानी दे रहा है। ताकि भीषण गर्मी में भी ये पौधे न सूखे । निगम प्रशासन का यह प्रयास लॉकडाउन के उस दौर में भी जारी रहा, जब लोग अपने घरों में ही थे और हर हिस्से में सन्नाटा पसरा हुआ था । तब भी निगम की टीम पानी के टैंकर के साथ उन तमाम हिस्सों में पहुंचती रही। कोरोना काल में ऑक्सीजन की कमी ने लोगों को भी जागरुक किया है। अब लोग भी पौधरोपण को लेकर जागरुक हुए हैं, अलग-अलग सामाजिक संस्थाएं और लोग अपने आसपास और घरों में भी पौधे रोप रहे हैं।
बारिश में जनसहयोग से रोपे जाएंगे ढाई लाख पौधे
इधर वन विभाग ने भी बारिश में ढाई लाख पौधे रोपने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए जनसहयोग भी लिया जाएगा। सामाजिक संस्थाओं, अलग-अलग संगठनों और लोगों को वन विभाग की ओर से ये पौधे नि:शुल्क प्रदान किए जाएंगे। इस बार खासकर अधिक मात्रा में ऑक्सीजन देने वाले पौधों को रोपने की तैयारी की गई है। हरियाली प्रसार योजना के तहत ऐसे पौधों को शहर की नर्सरी में भी तैयार किया जा रहा है। आने वाले दिनों में पौधरोपण के अभियान और भी तेज किया जाएगा।
इस प्रयास से शहर में लगे लगभग सभी पौधे सुरक्षित
पौधों को पानी देने निकल रहे 15 कर्मचारियों के टीम के दिलीप गोस्वामी ने बताया कि सुबह 9 बजे से टैंकर के साथ उनकी टीम निकलती है। जो देर शाम तक हर हिस्से में पहुंचकर पौधों को पानी दे रहे हैं। शहर के करीब 25 हजार पौधों को लगातार रोजाना पानी दिया जा रहा है, इस प्रयास से लगभग सभी पौधे सुरक्षित हैं, और विकसित भी हो रहे हैं। गोस्वामी ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान भी उनका काम बगैर रुके लगातार जारी रहा। टीम पूरी सक्रियता के साथ अपनी काम कर रही है।
