राजनांदगांव। कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के लिए जिले में तैयारी तेज हो गई है। जिले के प्रभारी मंत्री मोहम्मद अकबर ने वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए मंगलवार को सोमनी स्थित माडल कालेज में दो सौ बिस्तरों वाले कोविड-19 अस्पताल (संस्कारधानी कोविड ट्रीटमेंट सेंटर) का उद्घाटन किया। उन्होंने जिले में नई स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी। प्रभारी मंत्री अकबर ने कहा कि कोविड-19 की दूसरी लहर में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही थी, जिसे नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पत्रकारों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं सामाजिक संस्थाओं ने लगातार कार्य किया है।
कोविड-19 के नियंत्रित होने से कोरोना से होने वाली कठिनाइयां दूर हुई हैं। उन्होंने कहा कि कोविड-19 संक्रमण को रोकने के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए राशि प्रदान की गई है। नये अस्पताल में 200 बेड और 5 वेंटिलेटर की सुविधा दी गई है, जिसका उपयोग भविष्य में आने वाली कठिनाइयों से लड़ने में हो सकेगा। वेंटिलेटर संचालक के लिए पर्याप्त डाक्टर की टीम एवं टेक्निशियन टीम की व्यवस्था रहे। इसके लिए चिकित्सकों को प्रशिक्षण अवश्य दिलाएं। कोविड-19 से जंग के लिए बीते महीनों में जो तैयारियां की गई है, वे आने वाले समय के लिए महत्वपूर्ण होंगी।
दो सौ में 100 आक्सीजन बेड कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा ने बताया कि सोमनी स्थित माडल कालेज कोविड-19 अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 200 बेड की व्यवस्था की गई है। जिसमें 100 आक्सीजन बेड है, 60 आक्सीजन बेड के लिए पाइप लाइन बिछाया गया है। जिसके माध्यम से आक्सीजन सप्लाई मरीजों के बेड तक पहुंचेगी। वहीं 40 आक्सीजन सिलिंडर के माध्यम से आक्सीजन उपलब्ध कराया जाएगा और 100 सामान्य बेड रहेंगे। साथ ही 5 वेंटिलेटर संचालन की सुविधा दी गई है। उन्होंने कहा कि अस्पताल के लिए पर्याप्त डाक्टर की टीम उपलब्ध है एवं वेंटिलेटर के लिए टेक्निशियन को प्रशिक्षण दिया गया है।
अस्पताल भवन में सभी सुविधाएं पर्याप्त है। यह अस्पताल शहर के पास होने के कारण सुविधाजनक होगा, इसका लाभ जिलेवासियों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थानों, सामाजिक संगठनों, औद्योगिक संस्थानों का लगातार सहयोग मिल रहा है। जिससे यहां कोविड केयर सेंटर संचालित होता रहा है, जिसमें आक्सीजन और सामान्य बेड की सुविधा दी गई थी। इस अवसर पर कोविड केयर संचालक शाहिद खान, जनपद सदस्य तुलदास साहू, पीकू साहू, भागवत साहू, सरपंच टेड़ेसरा दानी साहू, सरपंच सोमनी पिंटू यादव, सरपंच अंजोरा शैलेष साहू, उप सरपंच देवलाल साहू, अंगेश्वर देशमुख, पवन डागर, संजय लढ्ढा, सुरज खंडेलवाल, राजू डागा, गोविंद मलानी, तरूण सदाणी, राकेश यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी, एसडीएम राजनांदगांव मुकेश रावटे व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
