- घटना के बाद थाने में हंगामा, तब हुई एफआईआर, जुर्माना देने के बाद भी मांगी रकम
पाटेकोहरा परिवहन जांच चौकी में ट्रकों से अवैध वसूली का खेल जारी है। रविवार की शाम ऐसे ही वसूली का विरोध करने पर एक ट्रक के परिचालक की बेदम पिटाई कर दी गई। पीड़ित परिचालक ने मामले की शिकायत चिचोला चौकी में की। कुछ देर थाने में हंगामा किया गया। इसके बाद पुलिस ने मारपीट करने वाले अज्ञात कर्मचारी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पीड़ित राकेश पांडे ने पुलिस को बताया कि वह ट्रक लेकर पूणे से जमशेदरपुर जा रहा था। रविवार शाम करीब 7.30 पाटेकोहरा बैरियर में उसके ट्रक की जांच की गई। ओवरलोड होने के चलते उस पर 2 हजार रुपए का जुर्माना किया गया।
राकेश ने बताया कि बैरियर में तैनात अफसर के पास पहुंचकर उसने 2 हजार रुपए का जुर्माना दिया। अपने सारे दस्तावेज की प्रस्तुत किए। जुर्माना देने के बाद मौके पर ही मौजूद एक अन्य कर्मचारी उससे 100 रुपए अतिरिक्त देने की मांग करने लगा। राकेश के मुताबिक जब उसने 100 रुपए मांगने की वजह पूछी तो कर्मचारी ने उससे गाली गलौज शुरू कर दी। कुछ ही देर में उक्त कर्मचारी ने उससे डंडे से जमकर मारपीट भी की। यह पूरा घटनाक्रम चेकपोस्ट के उसी प्रभारी के सामने हुआ जिसने 2 हजार रुपए का जुर्माना काटा था।
ट्रक एसो. के सदस्य पहुंचे थाने, कार्रवाई की मांग
ट्रक परिचालक से हुए मारपीट के बाद दूसरे ट्रक ड्राइवर भी आक्रोशित हो गए। ट्रक चालकों ने पूरी रात सड़क पर ही वाहन खड़ा कर दिया। चेकपोस्ट में अवैध वसूली और विरोध के बाद हुए मारपीट से आक्रोशित ट्रक चालक और एसोएिएशन के सदस्य चिचोला चौकी पहुंचे। पीड़ित के बयान और शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात कर्मचारी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
