राजनांदगांव। कोरोना संक्रमण के चलते जिले को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। इसके कारण सब्जी और फल के फूटकर व्यापारियों को ठेले पर घूम-घूमकर बिक्री करने की छूट दी है, लेकिन शहर में ज्यादातर विक्रेता एक जगह ही ठेला व पसरा लगाकर सब्जी की बिक्री कर रहे हैं।
ऐसे लोगों को नगर निगम की टीम लगातार समझाइश भी दी। ठेले के साथ सब्जी तक जब्त किया गया। इसके बाद भी फूटकर सब्जी विक्रेताओं की मनमानी थमी नहीं है, जिसको लेकर बुधवार को निगम और पुलिस की टीम ने मनमानी करने वाले सब्जी विक्रेताओं पर कार्रवाई की।
प्रशासन की सख्ती से आक्रोशित फूटकर सब्जी व्यापारियों ने शहर के फ्लाईओवर के नीचे पसरा लगाकर बैठ गए। यहां निगम प्रशासन ने सब्जी पसरा के लिए पहले ही मार्किंग कर ली है, हालांकि पसरा लगाने की तारीख निगम ने तय नहीं की है।
इसके बाद भी फ्लाईओवर नीचे पसरा लगाकर बैठे सब्जी विक्रेताओं को निगम ने ठेले पर ही घूम-घूमकर बिक्री करने समझाया गया है। मनाही के बाद भी पसरा लगाने वालों पर निगम की टीम बुधवार को कार्रवाई कार सकती है।
शहर के गोलबाजार में अभी पसरा लगाकर बैठना प्रतिबंधित है। प्रशासन ने सब्जी विक्रेताओं को ठेले पर ही सामग्री घूम-घूमकर बेचने की छूट दी है। लेकिन कई ऐसे सब्जी व्यापारी हैं, जो गोलबाजार में ही अपने पसरा वाली जगह पर ठेले रखकर दुकान लगा रहे हैं। कई तो जमीन पर पसरा लगा रहे हैं। जबकि इस तरह सब्जी बिक्री करने पर पाबंदी लगाई गई है। जिसके बाद भी सब्जी के फुटकर व्यापारी मनमानी कर रहे हैं।
लाकडाउन में हो रही समस्या को देखते हुए प्रशासन ने शहर के फ्लाईओवर के नीचे सब्जी पसरा लगवाने की तैयारी कर ली है। पसरा के लिए फ्लाईओवर के नीचे मार्किंग तक किया जा चुका है। लाकडाउन का चौथा चरण 15 मई को खत्म हो जाएगा।
अगले दिन यानी 16 मई से छूट मिलने पर सब्जी का पसरा इसी जगह लगाने की योजना है। लेकिन इससे पहले ही दर्जनों सब्जी व्यापारी फ्लाईओवर के नीचे पसरा लगाकर बैठने लग गए हैं। निगम आयुक्त डा. आशुतोष चतुर्वेदी ने कहा कि फ्लाईओवर के नीचे सब्जी का पसरा लगाने मार्किंग की गई है।
अभी तारीख तय नहीं किए हैं। पसरा के लिए टोकन देंगे। इसके बाद ही फ्लाईओवर के नीचे सब्जी पसरा लगवाएंगे। जो व्यापारी अभी बैठ रहे हैं, उन्हें समझाएंगे।
