राजनांदगांव. डोंगरगांव स्थित उत्कर्ष स्माल फाइनेंस बैंक के पूर्व मैनेजर द्वारा ग्राहकों से लोन की राशि वसूली कर बैंक में जमा न करने और साढ़े 4 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी भूषण कुमार सिन्हा को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि डिकेश्वर साहू नामक प्रार्थी जो न्यू ऑपर्चुनिटी कंसल्टेंसी प्राइवेट लिमिटेड (उत्कर्ष स्माल फाइनेंस बैंक डोंगरगांव) में शाखा प्रबंधक हैं ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी भूषण कुमार सिन्हा ने बैंक के ग्राहकों से कुल 4 लाख 60 हजार रुपए लोन की वसूली की थी, लेकिन इन पैसों को बैंक में जमा नहीं किया। आरोपी ने ये रकम खुद हड़प कर ली और ग्राहकों को धोखा दिया।
ग्राहक परेशान
पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ है कि आरोपी भूषण कुमार सिन्हा ने वसूली की गई रकम को बैंक के ऋ ण कार्ड खाते और मोबाइल एप्लीकेशन में अपडेट नहीं किया, जिससे ग्राहकों और बैंक दोनों को नुकसान हुआ। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वसूली गई रकम को उसने जुआ, सट्टा और शराब पर खर्च किया। धोखाधड़ी की शिकायत मिलने के बाद डोंगरगांव पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी भूषण कुमार सिन्हा को गिरफ्तार कर लिया और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
