राजनांदगांव। कोरोना महामारी को मात देने की लड़ाई में वैक्सीन सुरक्षा कवज का काम कर रही है। जिले में करीब सवा तीन लाख लोग अभी तक कोरोना का टीका लगाकर खुद को संक्रमण से दूर कर चुके हैं। वैक्सीनेशन का अभियान जारी ही है।
हर दिन इसकी रफ्तार भी बढ़ रही है। अंत्योदय राश्न कार्डधारियों के अलावा बीपीएल और एपीएल परिवार के 18 प्लस वाले सदस्यों को भी छूट देने के बाद टीकाकरण की रफ्तार और ज्यादा बढ़ गई है। मंगलवार को जिले में करीब छह हजार एक लोगों ने कोरोना का टीका लगावाया।
इसमें 5131 लोगों ने पहला और 870 लोगों को दूसरे डोज का टीका लगा। बड़ी बात यह है कि टीकाकरण अभियान में सबसे ज्यादा संख्या 18 से 44 वर्ष के युवाओं की है। जो जागरूकता दिखाकर वैक्सीन लगवाने पहुंच रहे हैं।
दोनों डोज लगवाना है जरूरी
डाक्टरों की मानें तो कोरोना को हराने के लिए दोनों डोज लगवाना जरूरी है। मंगलवार को जिले में छह हजार एक लोगों ने वैक्सीन लगवाया है। इसमें दो हेल्क वर्करों ने पहला और पांच लोगां ने दूसरा डोज लिया है। वहीं फ्रंट लाइन के 13 वर्करों ने पहला और चार लोगों ने दूसरा डोज का टीका लगवा लिया है।
इसी तरह 18 प्लस वालों में अंत्योदय के 343, बीपीएल के 1750 और एपीएल के 2553 लोगों ने वैक्सीन लगाया। 18 प्लस वालों में 247 फ्रंट लाइन वर्करों को टीका लगा। 45 वर्ष और इससे अधिक उम्र के 223 लोगों ने पहला और 861 लोगों ने दूसरा डोज लगाकर जागरूकता का परिचय दिया है।
गांवों में बढ़ रही भीड़
शहरी क्षेत्रों के वैक्सीनेशन सेंटरों में भीड़ लगने के कारण कई लोग गांवों में वैक्सीन लगवाने पहुंच रहे हैं। इसके चलते गांवों के सेंटरों में भी अब भीड़ लग रही है।
मंगलवार को राजनांदगांव ब्लाक के मनगटा व सोमनी सेंटर में शहर के दर्जनों लोग वैक्सीन लगाने पहुंचे थे, जिसके कारण गांव के लोगों को भीड़ में कतार लगाना पड़ रहा है। इसको लेकर ही स्वास्थ्य विभाग ने वैक्सीनेशन सेंटरों की संख्या जिले में बढ़ा दी है, ताकि टीका लगवाने पहुंच रहे लोगों को दिक्कत ना हो।
18 प्लस वाले यहां लगाएं कोरोना का टीका
जिले में वैक्सीनेशन की रफ्तार बढ़ गई है। वैक्सीनेशन के लिए जिले में स्वास्थ्य विभाग ने 39 सेंटर तैयार किए हैं, वहीं शहरी क्षेत्र में छह जगहों पर वैक्सीनेशन हो रहा है। जहां 18 से 44 वर्ष के युवा संक्रमण को अपने से दूर रखने के लिए जिंदगी का टीका लगा सकते हैं।
जिले में मानपुर ब्लॉक के मानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और भर्रीटोला, खडगांव व औंधी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, मोहला ब्लॉक में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहला और गोटाटोला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, अंबागढ़ चौकी ब्लॉक में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और चिल्हाटी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, छुरिया में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुरिया, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उमरवाही, कुमरदा, गैंदाटोला, बुचाटोला, खोभा और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिचोला, डोंगरगांव ब्लॉक में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगांव और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अर्जुनी, डोंगरगढ़ में एपीएल के लिए रेलवे हॉस्पिटल डोंगरगढ़, बीपीएल के लिए बौद्ध विहार डोंगरगढ़ और अंत्योदय के लिए कन्या आश्रम डोंगरगढ़।
इसके अलावा रामाटोला व लाल बहादुर नगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एपीएल, बीपीएल व अंत्योदय कार्डधारी परिवार के सदस्यों को वैक्सीन लग रहा है। राजनांदगांव ब्लॉक में घुमका व सोमनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सुरगी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सुकुलदैहान, डुमरडीहकला व मनगटा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और बघेरा उप स्वास्थ्य केंद्र हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, खैरागढ़ पदुमलाल पुन्नाालाल बख्षी स्कूल, शासकीय स्कूल पांडादाह, शासकीय गुरु घासीदास स्कूल ठेलकाडीह, शासकीय स्कूल बाजार अतरिया, जालबांधा और शासकीय स्कूल मुढीपार, छुईखदान ब्लॉक में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुईखदान व गंडई, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र साल्हेवारा और उदयपुर में टीकाकरण अभियान जारी है।
